क्राइम

छत्तीसगढ़: बेटी हुई बीमार तो पड़ोसी पर हुआ जादू-टोना का शक, घर में घुसकर बच्चा समेत 4 को काट डाला

छत्तीसगढ़ पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय से आरोपी पटले की बेटी बीमार थी और उसके परिवार के सदस्यों को संदेह था कि उसकी बीमारी चैतराम की मां द्वारा किए गए जादू-टोना का नतीजा है।

Image

छत्तीसगढ़ में जादू टोने के शक में 4 लोगों की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)

KEY HIGHLIGHTS
  • छत्तीसगढ़ में मासूम समेत 4 की हत्या
  • जादू टोने के शक में हत्या
  • बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की घटना

छत्तीसगढ़ में जादू टोने के शक में चार लोगों की हत्या हो गई है, जिसमें एक 11 महीने का बालक भी शामिल है। दरअसल हुआ यूं कि आरोपी की बेटी की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी, उसे अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर जादू टोने का शक हुआ। जिसके बाद उसने इन सबको मार डाला।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की घटना

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में गुरुवार को कथित तौर पर जादू-टोना के शक में 11 माह के शिशु समेत एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के तीन संदिग्धों-- एक व्यक्ति और उसके दो बेटों को हिरासत में लिया है तथा वह उनसे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि यह घटना कसडोल थाना क्षेत्र के छरछेड़ गांव में शाम करीब छह बजे हुई तथा मारे गए लोगों की पहचान चैतराम कैवर्त्य (47), उनकी बहनें - जमुना (28) और यशोदा (30) तथा जमुना के 11 माह के बेटे यश के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में रामनाथ पटले और उनके दो बेटों को हिरासत में लिया है एवं उनसे पूछताछ जारी है।

धारदार हथियार से हत्या

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुछ समय से पटले की बेटी बीमार थी और उसके परिवार के सदस्यों को संदेह था कि उसकी बीमारी चैतराम की मां द्वारा किए गए जादू-टोना का नतीजा है। अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिली है कि आरोपी आज चैतराम के घर में घुसे और उन्होंने उन पर धारदार हथियार एवं हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान चैतराम की मां घर पर नहीं थी तथा अपने दूसरे बेटे के साथ कहीं गई हुई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच कर रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article