दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (साउथ-वेस्टर्न रेंज) ने विदेश में बैठे हैरी बॉक्सर- अनिल पंडित- सचिन उर्फ गोलू गैंग के सक्रिय सदस्य जगदीश उर्फ जैक को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के छावला इलाके में हुई फायरिंग और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के दो सनसनीखेज मामलों में वांछित था। स्पेशल सेल की टीम ने करीब 2,500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पहला मामला 12 जनवरी 2026 का है। छावला के रहने वाले एक कारोबारी को इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया और कारोबारी व उसके दोस्त से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पैसे नहीं मिलने पर 19-20 मार्च की रात उनके जिम पर तीन राउंड फायरिंग की गई। बाद में फिर फोन कर फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में फायरिंग करने वालों में जगदीश भी शामिल था।
अगली बार सीने में गोलियां उतारने की धमकी दी
दूसरी वारदात 25-26 जून 2026 की रात हुई। गैंग ने एक अन्य व्यक्ति के घर पर कई राउंड फायरिंग की और रंगदारी नहीं देने पर अगली बार सीने में गोलियां उतारने की धमकी दी। जांच में सामने आया कि इस वारदात के लिए जगदीश ने हथियार और बाइक उपलब्ध कराई थी और पूरे ऑपरेशन की लॉजिस्टिक व्यवस्था संभाली थी। स्पेशल सेल लगातार गैंग पर नजर रखे हुए थी। 28 जून को पुलिस को सूचना मिली कि जगदीश पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में छिपा हुआ है।
करीब एक हफ्ते तक निगरानी की
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कमला बाड़ी इलाके के करीब दो किलोमीटर लंबे आम के बाग में छिपा हुआ है। स्पेशल सेल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर करीब एक हफ्ते तक निगरानी की। आखिरकार 2 जुलाई 2026 को शाम करीब साढ़े चार बजे रेल गेट के पास से जगदीश उर्फ जैक को गिरफ्तार कर लिया गया।इसके बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:सलमान के घर के बाहर फायरिंग मामले में नई जानकारी, गोली चलाने के बाद ट्रेन से भागे थे शूटर, 10 प्वाइंट्स
पहले भी पकड़ा जा चुका है साथी
इससे पहले 7 जून 2026 को स्पेशल सेल ने जगदीश के करीबी साथी विकास उर्फ चूहिया को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि विकास और जगदीश दोनों ही इन वारदातों में गैंग के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट और अन्य जरूरी इंतजाम करते थे। विकास उर्फ चूहिया पहले भी हत्या और फायरिंग के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। वहीं जगदीश उर्फ जैक दिल्ली के साबोली इलाके का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह गैंगस्टरों की आलीशान जिंदगी से प्रभावित होकर हाल ही में इस गैंग से जुड़ा था
