नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में अपराध की सनसनखेज वारदात हुई है। यहां एक परिवार के चार सदस्यों की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। एक ही घर में चार लोगों की हत्या होने पर इलाके के लोग दहशत में हैं। पुलिस के मुताबिक इस जघन्य हत्याकांड को मंगलवार रात अंजाम दिया गया। आरोपी ने चाकू मारकर बहन, मां, पिता एवं दादी की हत्या की। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
नशा मुक्ति केंद्र से छूटकर आया था
आरोपी का नाम केशव है और उसकी उम्र 25 वर्ष है। घटना रात 8 से 9 बजे की बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि केशव घरवालों से लड़ाई करता था और वह नशा मुक्ति केंद्र से छूट कर आया था। आरोपी पहले भी चोरी जैसे अपराध को अंजाम दिया है। फिलहाल इस पूरे घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है
नशे का आदी है आरोपी
रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी मृतक का बेटा है और वह नशे का आदी है। आरोपी ने घर के चार सदस्यों की हत्या क्यों की, पुलिस इस बारे में आरोपी से पूछताछ कर रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो उसे कमरे में चार शव फर्श पर मिले। हत्या करने के बाद आरोपी युवक भागने की फिराक में था लेकिन पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। आस-पास के लोगों का कहना है कि युवक बेरोजगार था और परिवार के लोगों से अक्सर उसकी लड़ाई होती थी। दिल्ली में श्रद्धा वालकर हत्याकांड से लोग अभी उबर नहीं पाए हैं कि हत्या की यह एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
