क्राइम

आरा में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ बरसी गोलियां, एक की हत्या; ग्रामीणों का हंगामा

बिहार के भोजपुर में शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।

Image

आरा में फायरिंग

आरा : भोजपुर जिले में बुधवार दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके दहला गया। पवना थाना क्षेत्र के पवार गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार इंजीनियर राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। राज कुमार अपने 7 वर्षीय बेटे ऋषभ के साथ पाटलिपुत्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस पकड़ने आरा स्टेशन जा रहे थे, तभी बेलाउर बंगला के पास घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि इस हमले में करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया।

मृतक पवना थाना क्षेत्र पवार गांव निवासी अवधेश कुमार के 32 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार और जबकि युवक राम सुरेश सिंह के 32 वर्षीय पुत्र राज कुमार है। राजू मुम्बई में इंजीनियर है। इधर घटना की जानकारी देते हुए जख्मी राज कुमार ने बताया कि आज पाटलिपुत्रा से मुंबई जाने वाले पाटलिपुत्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में रिजर्वेशन था। आज अपने मृतक दोस्त धर्मेंद्र कुमार के साथ बेटा ऋषभ के साथ आरा स्टेशन आ रहा था। इसी बीच बेलाउर बंगला के समीप एक बाइक पर तीन की संख्या में हथियारबंद अपराधी आ धमके और बाइक को रोकते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

10 से 12 राउंड फायरिंग

अपराधियों के द्वारा 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई है। जिसमें चार से पांच गोली धर्मेंद्र को लगी है। फायरिंग के समय अपने 7 वर्षीय बेटे ऋषभ को लेकर भाग रहे थे । तभी अपराधियों के द्वारा मुझे भी गोली मार दी गई। 100 मीटर भागने के बाद मेरा और मेरे बेटे ऋषभ की जान बची। इसके बाद वहां खेत में काम कर रहे स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देने के बाद मुझे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। दिनदहाड़े इस वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा और शव को सड़क के बीचों बीच रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों एवं परिजनों की मांग है कि घटना में शामिल सभी अपराधियों जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी से कड़ी सजा देने की बात कही है।

बताया जा है कि दो अप्रैल 2024 कि सुबह उदवंतनगर थाना क्षेत्र के रघुनीपुर गांव में पूर्व से चली आ रही शोध प्रतिशोध की लड़ाई में पिता–पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी को लेकर सालों से चले आ रहे शोध–प्रतिशोध में घटना को अंजाम दिया जा रहा है। आज की वारदात पूर्व में हुए हत्याकांड से जुड़े घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। वही इस मामले में पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि पूर्व के जमीनी विवाद में इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। कुछ अपराधियों को पहचाना गया है। हत्या के बाद एक टीम को लगाई है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article