Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बता दें कि, पुलिस ने एक बुजुर्ग आदमी को गिरफ्तार किया है, जिसपर आरोप है कि उसने अपनी नतिनी की दोस्त, पांच साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया। हबीबगंज पुलिस स्टेशन के इंचार्ज संजीव चौकसे ने बताया कि यह संगीन वारदात 3 मई को 75 साल के आरोपी के घर पर हुई, जो पेशे से एक वकील है। पीड़िता उसकी नतिनी के साथ खेलने आई थी। आरोपी अपनी बेटी और नतिनी के साथ रहता है, जबकि पीड़िता उसके बगल वाले घर में रहती है। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि, "मासूम आरोपी के घर उसकी नतिनी के साथ खेलने गई थी। मौके का फायदा उठाकर, दरिंदा पीड़िता को एक कमरे में ले गया और वहां उसके साथ गंदा काम किया।"
बच्ची ने अपनी मां की शिकायत
संजीव चौकसे ने आगे बताया कि उस रात घर लौटने के बाद, बच्ची ने अपनी मां से दर्द की शिकायत की, जिन्होंने उसके शरीर पर कई चोट के निशान देखे और तुरंत उसे डॉक्टर के पास ले गईं। डॉक्टर ने नाबालिग की जांच की और शक जताया कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ होगा। इसके बाद पीड़िता की मां ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
जानकारी के मुताबिक, काउंसलिंग के दौरान मासूम ने बताया कि उसकी दोस्त के नाना ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। इसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया और बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरू में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, बाद में उसने मासूम से छेड़छाड़ करना कबूल कर लिया। मंगलवार को एक लोकल कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
