क्राइम

दिल्ली के कुंवारे सावधान! कहीं आप भी तो नहीं हुए इसके शिकार, हुस्न दिखाकर कर लेती थी नकली शादी

Delhi Fake Marriage: दिल्ली में कुंवारों को लूटने वाली एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। चार बच्चों की मां लवली उर्फ ललिता कुवांरों को फंसाती और शादी के बाद लूट कर फरार हो जाती।

Image

दिल्ली में फर्जी शादी करने वाली दुल्हन गिरफ्तार

Delhi Fake Marriage: दिल्ली के कुंवारे सावधान, दिल्ली में ऐसा गिरोह घूम रहा है जो शादी का झांसा देकर, नकली शादी कर लाखों लेकर भाग जा रहा है। यह गिरोह पूरी तरह से संगठित होकर दिल्ली में काम कर रहा है, जिसमें एक खूबसूरत लड़की और उसके कुछ साथी शामिल हैं। आप हैरान होंगे कि यह लड़की भी शादीशुदा है और चार बच्चों की मां है।

6 लाख की ठगी

दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिले की ख्याला थाना पुलिस ने एक ऐसे ही 'वेडिंग स्कैम' का पर्दाफाश किया है, जो लड़कों को घोड़ी पर चढ़ाने का झांसा देकर सीधे उनके बैंक खाते निपटा रही थी। पुलिस ने इस गिरोह के तीन उस्तादों को धर दबोचा है। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने एक युवक से शादी का झांसा देकर ₹6 लाख की ठगी की थी।

स्क्रिप्ट ऐसी कि बॉलीवुड भी शरमा जाए!

जांच में जो कहानी सामने आई है, उसे सुनकर आप भी कहेंगे-"ये तो हैवी ड्राइवर निकले भाई!" गिरोह की मुख्य अदाकारा है लवली उर्फ ललिता। मैडम पहले से न सिर्फ शादीशुदा हैं, बल्कि चार बच्चों की मम्मी भी हैं। लेकिन जैसे ही कोई कुंवारा लड़का अपनी शादी के लिए छटपटाता दिखता, लवली तुरंत 'सिंगल और रेडी टू मिंगल' वाला रूप धारण कर लेती थी। इस पूरी फिल्म का डायरेक्टर कोई और नहीं, बल्कि लवली का अपना सगा पति 'कमल लोहरा' था। कमल अपनी ही पत्नी को कुंवारी बताकर लड़कों के सामने पेश करता था।

शादी भी अपनी, विदाई भी अपनी, पर माल हमारा!

इनका बिजनेस मॉडल बेहद सिंपल और सॉलिड था। कुंवारे और सीधे-साधे लड़कों को ढूंढो। शादी का झांसा देकर शगुन, कोर्ट मैरिज या शादी के खर्चे के नाम पर मोटी रकम ऐंठो। इसके बाद फेरे लो, और जैसे ही मौका मिले, दूल्हे राजा को 'टा-टा, बाय-बाय' बोलकर नकदी और गहनों समेत रफूचक्कर हो जाओ। यानी-दूल्हा ढूंढता रह जाएगा और दुल्हन हनीमून मनाएगी अपने असली पति के साथ।

मंडप की जगह सीधे पहुंचे जेल

लेकिन कहते हैं ना कि कानून के हाथ और दिल्ली पुलिस का डंडा, दोनों ही बहुत लंबे होते हैं। पुलिस ने बीच रास्ते में ही इस गिरोह की 'विदाई' थाने की तरफ कर दी। पुलिस ने लवली उर्फ ललिता, उसके पति कमल लोहरा और उनके एक और साथी दीपू उर्फ राकेश एक्का को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के कुछ और सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। फिलहाल, ख्याला थाना पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article