सोशल मीडिया पर लाइक, फॉलोवर्स और कमेंट पाने की ललक की इस दौर में अब जान भी जाने लगी है। पहले से ही संगठित अपराध सोशल मीडिया के जरिए चल रहा है, दिल्ली में तो गैंगस्टरों की भर्ती भी अब ऑनलाइन होती है। इन सब के बीच दिल्ली में एक डबल मर्डर हुआ है, जिसकी वजह जानकर आप भी चौंक जाएंगे।
दरअसल दिल्ली के भलस्वा में रहने वाली एक लड़की और गाजियाबाद में रहने वाले एक लड़के निखिल के बीच इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स और लाइक को लेकर विवाद था। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर भिड़ते रहते थे। निखिल और उसका दोस्त साहिल पहले से ही इस लड़की से परिचित थे। दोनों कभी आसपास में ही रहते थे। दोनों के फॉलोवर्स भी उसी मोहल्ले से ज्यादातर जुड़े हुए थे।
सूत्रों की मानें तो दोनों के बीच में काफी समय से इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स को लेकर टकराव चल रहा था। इसी टकराव के बीच लड़की ने लड़के को अपने मोहल्ले में आने का चैलेंज कर दिया। निखिल ने शर्त स्वीकार कर ली और अपने दोस्त साहिल के साथ उसकी गली में पहुंच गया।
यहीं तक तो ठीक था, निखिल और साहिल को लगा कि अपना ही मोहल्ला है, कोई क्या कर लेगा। उधर लड़की पूरी प्लानिंग करके बैठी थी। अपने भाई समेत आसपास के फॉलोवर्स को इकट्ठा कर रखा था। जैसे ही निखिल पहुंचा, वहां मौजूद लड़की के भाई और सपोर्टर चाकू लेकर उसपर टूट पड़े। उन्होंने चाकू मारकर-मारकर दोनों की जान ले ली। इसके बाद फरार हो गए।
पुलिस को जब इस हत्या की सूचना मिली तो वो मौके पर पहुंची, लाश को कब्जे में लिया और फिर जांच शुरू कर दी। इस मामले में लड़की, उसके भाई और दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। इसमें लड़की का भाई और बाकी आरोपी लड़के नाबालिग हैं।
