आपने सरकारी स्कूल में टीचर को पढ़ाते देखा होगा, बच्चों को पिटते देखा होगा और कुर्सी पर बैठ कर सोते भी, कभी-कभी महिला शिक्षक स्वेटर बुनते भी दिख जाती हैं, लेकिन अब तो हद ही हो गई है। यूपी में एक टीचर सरेआम क्लास में बैठकर दारू पीता हुआ नजर आया है।
मामला हाथरस जिले के डीआरबी इंटर कॉलेज का है। यहां कक्षा एक से बारहवीं तक की पढ़ाई होती है। इसी स्कूल में एक टीचर का शराब पीने का वीडियो सामने आया है। वीडियो बनाने वाला शख्स किसी बच्चे का गार्जियन लग रहा है, वो बच्चों को पिटने की शिकायत लेकर आता है, इसी को लेकर वो टीचर से सवाल जवाब कर रहा होता, तभी उसकी नजर टेबल के नीचे पड़े बीयर की बोतल पर चली जाती है। मास्टर साहब के बोलने से भी पता चल जाता है कि वो नशे में हैं।
वीडियो में आगे दिखता है कि सामने बच्चे पढ़ भी रहे हैं। बगल में एक महिला शिक्षक भी बैठी है, उसी के सामने ये मास्टर साहब शराब पी रहे हैं। आरोपी शिक्षक वीडियो बनता देखता भी है, लेकिन उसे कोई फर्क नहीं पड़ता है, कहता है बना लो। हालांकि महिला शिक्षक थोड़ी से डरी जरूर दिखी।
इस घटना का जब वीडियो बनने लगा तो स्कूल प्रशासन की हालत खराब हुई और वो भी उस क्लास में पहुंचे जहां ये कांड हो रहा था। बाद में आरोपी टीचर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन अगले दिन टीचर स्कूल आया ही नहीं। जिसके बाद उसे निलंबित करने का आदेश दे दिया गया है।
