क्राइम

Damoh News: एक ही घर में बिछ गईं चार लाशें, पति ने पत्नी और तीन बच्चों को कुल्हाड़ी से मारकर उतारा मौत के घाट

Damoh News: दमोह के कबीरपुर गांव में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने सोते समय अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला समेत तीनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

मध्य प्रदेश के दमोह में खौफनाक वारदात

Photo : iStock

Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 28 वर्षीय द्वारका पटेल के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने घर में सो रही अपनी पत्नी 25 वर्षीय खेमाबाई, सात वर्षीय बेटी उर्मिला, चार वर्षीय बेटे उमेश और एक वर्षीय बेटे राजा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में चारों की मौत हो गई।

पति-पत्नी के बीच चल रहा था कलह

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद होने की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले खेमाबाई ने अपने पति के खिलाफ मगरोन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद खेमाबाई के पिता वहां पहुंचे और दोनों को समझाने का प्रयास किया। उनके वापस जाने के बाद रात में दंपती के बीच दोबारा विवाद होने की बात सामने आई है।

पारिवारिक विवाद के वजह की पड़ताल जारी

पुलिस का कहना है कि विवाद के बाद जब परिवार के सदस्य सो गए, तभी द्वारका ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस वजह से यह वारदात हुई और घटना से पहले परिवार में क्या विवाद चल रहा था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article