क्राइम

सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका को मारकर की जलाने की कोशिश, बोला- धोखा दे रही थी इसलिए कर दी हत्या

दिल्ली के महरौली इलाके में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को संजय वन बुलाकर उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने युवती पर चाकू से कई बार वार किए और उसका गला भी दबाया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को भी जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का कहना है कि युवती उसे धोखा दे रही थी, इस कारण उसने उसकी हत्या कर दी।

Image

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Murder in Delhi: दिल्ली में एक सिरफिरे आशिक ने 18 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने युवती के शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। जिसके बाद उसने शव को जलाने की भी कोशिश की। यह दिलदहला देने वाली वारदात महरौली के संजय वन की है। पुलिस को संजय वन में सुनसान इलाके में युवती की लाश पड़ी मिली। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का कहना है कि युवती उसे धोखा दे रही थी, इस कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया। युवती के परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

आरोपी की पहचान 18 वर्षीय हषप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह रानी बाग इलाके का रहने वाला है और उसकी इलेक्ट्रिक सामान की दुकान है। इसके साथ ही आरोपी डीयू के ओपन लर्निंग प्रोग्राम में B.Com फर्स्ट ईयर का छात्र है। वहीं मृतिका की पहचान 18 वर्षीय महक जैन के तौर पर हुई है। वह अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ जहांगीरपुरी में रहती थी और इंग्लिश ऑनर्स और कोरियन लैंग्वेज की पढ़ाई कर रही थी।

मिलने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या

आरोपी हषप्रीत ने मिलने के बहाने युवती को संजय वन बुलाया, जहां घने जंगलों में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने महक पर धारदार चाकू से कई बार वार किए और उसका गला भी घोंटा। महक की हत्या करने के बाद आरोपी ने उसके शव को जलाने की भी कोशिश की। वहीं युवती पर चाकू से हमला करने के बाद हषप्रीत खुद भी घायल हो गया। जिसके बाद वह घटनास्थल से भागकर पीतमपुरा पहुंचा और एक हॉस्पिटल में अपना इलाज कराने के लिए भर्ती हुआ। पुलिस ने आरोपी के शिनाख्त पर युवती का शव और धारदार हथियार बरामद कर लिया है।

कॉलेज से वापस नहीं आई महक

महक के पिता ने बताया कि वह रविवार को ओपन क्लास करने के लिए कॉलेज के लिए निकली थी। लेकिन घर वापस नहीं आई। उन्होंने बताया कि हषप्रीत ने उन्हें कॉल करके बताया कि उनकी बेटी ने हषप्रीत को चाकू मारा है। जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए और उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हुआ। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत जहांगीरपुरी थाने में जाकर पूरी घटना के बारे में बताया। जहांगीरपुरी पुलिस ने इस मामले की सूचना महरौली थाने को दी।

हषप्रीत ने घर आकर किया झगड़ा

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी बताई हुई जगह पर शव की छानबीन शुरू की गई। लेकिन कई घंटों की छानबीन के बाद भी शव का कोई पता नहीं लगा। जिसके बाद दूसरे दिन सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन किया गया। इस दौरान महक का शव संजय वन के सुनसान इलाके में मिला। आरोपी का कहना है कि महक ने उसे धोखा दिया है जिस कारण उसने उसकी हत्या कर दी। वहीं महक के परिजनों का कहना है कि हषप्रीत के साथ उसकी दोस्ती थी, लेकिन वह लड़का अच्छा नहीं था। इसके लिए पूरा परिवार उसे पहले भी कई बार मना कर चुका था, लेकिन परिवार के मना करने के बाद भी हषप्रीत कई बार महक जैन के घर पर आ जाता था। महक के मोबाइल का एक्सेस भी हषप्रीत के पास था। महक की बहन ने बताया वह एक बार घर जाकर झगड़ा भी करने लगा, जिसके बाद हम लोग पुलिस में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। लेकिन उसके परिजनों ने उसे समझाया और मामला वही रफा दफा हो गया। अब उनकी बेटी की हत्या के बाद पीड़ित परिवार उसकी मौत का इंसाफ मांग रहा है और आरोपी हषप्रीत के खिलाफ सख्त और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है ।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article