Bengaluru Crime : बेंगलुरू में ऐसे शातिर चोर को पकड़ा गया है जिसने लूटे गए पैसों से कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के लिए तीन करोड़ रुपये का बंगला बना डाला। 37 साल के इस शातिर चोर को अब एक घर में 14 लाख रुपये के आभूषणों की चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के सोलापुर के रहने वाला पंचाक्षरी स्वामी शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। वह लूटे गए पैसे को महिलाओं पर उड़ाता था।
20 साल में कई चोरियों को दिया अंजाम
उसने कथित तौर पर पिछले दो दशकों में देश के कई हिस्सों में चोरियां कीं। पुलिस के मुताबिक, स्वामी को 9 जनवरी को बेंगलुरु के मारुति नगर स्थित एक घर से 14 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से चोरी में उसके शामिल होने का खुलासा हुआ। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसके पास से 181 ग्राम सोने के बिस्कुट, 33 ग्राम चांदी के आभूषण और एक बंदूक बरामद की है।
2003 से चोरी का काम शुरू
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, स्वामी ने 2003 में चोरी करना शुरू कर दिया था जब वह नाबालिग था और 2009 तक वह चोरी, सेंधमारी और डकैतियों के माध्यम से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने में पेशेवर बन गया था और 2014-15 में उसने एक अभिनेत्री के साथ डेटिंग शुरू कर दी। स्वामी ने कोलकाता में उसके लिए तीन करोड़ रुपये का घर बनवाकर उस पर दिल खोलकर खर्च किया।
एक्वेरियम भी उपहार में दिया
उसने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड को 22 लाख रुपये का एक एक्वेरियम भी उपहार में दिया। उसके कुछ अन्य अभिनेत्रियों के साथ भी संबंध थे। पुलिस ने कहा कि वह ज्यादातर अकेले काम करता था और खाली घरों पर नजर रखता था ताकि वह उन्हें आसानी से निशाना बना सके और चोरी करने के बाद संदेह से बचने के लिए कपड़े बदल लेता था।
