क्राइम

गोली या फिर कार्डियोरेस्पिरेटरी फेलियर, कैसी हुई थी दुलार चंद यादव की मौत? अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कर दिया साफ

दुलार चंद यादव की मौत गोली लगने से नहीं हुई है, ये तो अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी साफ हो गया है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि यादव को टखने के पास गोली मारी गई थी लेकिन गोली का घाव उनकी मौत का कारण नहीं था।

Image

दुलार चंद यादव की मौत कैसे हुई थी? (फोटो- X)

बिहार के मोकामा विधानसभा चुनाव के दौरान टाल इलाके में गैंगेस्टर और स्थानीय नेता दुलार चंद यादव की मौत मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी साफ हो गया है कि दुलार चंद यादव की मौत गोली लगने से नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने पहले ही ऐसा दावा किया था, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी इसकी पुष्टि हो गई है। दुलार चंद यादव की हत्या में बिहार के बाहुबली नेता अनंत सिंह पर आरोप लग रहे थे कि उन्होंने की यह हत्या की है, गोली मारी है।

दुलार चंद यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या-क्या

दुलार चंद यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि हृदय और फेफड़ों में चोट लगने के बाद हृदय गति रुकने से उनकी मौत हुई। पटना पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट में बताया गया, “यादव की मौत का कारण हृदय और फेफड़ों में किसी कठोर और कुंद पदार्थ से लगी चोट के कारण हृदय गति रुकना है।” रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि यादव को टखने के पास गोली मारी गई थी लेकिन गोली का घाव उनकी मौत का कारण नहीं था।

गुरुवार को हुई थी दुलार चंद यादव की मौत

गैंगस्टर दुलार चंद यादव राजनेता भी थे। पटना के मोकामा इलाके में बृहस्पतिवार को जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार करते समय यादव की हत्या कर दी गयी थी। यह घटना भदौर और घोसवारी थानों के पास हुई थी। पुलिस ने घटना के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस इस बात की जांच करेगी कि वह कैसे घायल हुए और इस घटना में कौन शामिल था। इस बीच, भदौर और घोसवारी थाना प्रभारियों को ‘कर्तव्य में लापरवाही’ के आरोप में निलंबित कर दिया गया।

अनंत सिंह के खिलाफ केस दर्ज

मोकामा से जदयू उम्मीदवार और स्थानीय कद्दावर नेता अनंत सिंह को मृतक के पोते की शिकायत के आधार पर दर्ज एक प्राथमिकी में चार अन्य लोगों के साथ आरोपी बनाया गया है। प्रशांत किशोर के नेता जन सुराज की शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई जबकि तीसरा मामला पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर दर्ज किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article