बिहार (Bihar) में चोर, पुलिस से कहीं आगे दिख रहे हैं। कभी रेलवे का इंजन चुरा लेते हैं तो कभी पुल, अब तो सीधे आईजी को ही निशाने पर चोरों ने ले लिया है। बिहार सरकार के बड़े अधिकारियों में से एक आईजी विकास वैभव की सरकारी पिस्टल चोरी हो गई है, वो भी उन्हीं के घर से।
मिली जानकारी अनुसार इस मामले में पुलिस ने शक के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। कहा जा रहा है कि सीनियर आईपीएस विकास वैभव की सरकार पिस्टल उनके पटना स्थित घर में रखी हुई थी। गुरुवार को जब उन्होंने अपना पिस्टल देखा तो गायब मिला, जिसके बाद गर्दनीबाग थाने की पुलिस को सूचना दी गई और पिस्टल के खोने की जानकारी दी गई।
इसके बाद पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरूआती जांच के बाद एक शख्स को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया गया है। हिरासत में लिया गया शख्स विकास वैभव के घर पर ही काम करने आया था। दरअसल जिस शख्स को पुलिस ने हिरासत में लिया है, उसके पिता चौकीदार हैं और आईजी के यहां उनकी ड्यूटी लगी थी। चौकीदार की तबीयत खराब होने की वजह से उसका बेटा विकास वैभव के यहां काम कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार शख्स से अभी तक पुलिस को कोई सही जानकारी हाथ नहीं लगी है। आरोपी शख्स से पूछताछ जारी है। वहीं विकास वैभव के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
