क्राइम

शादी की बात कहकर नाबालिग को झांसे में लिया, फिर अगवा कर निकल गए नेपाल; बॉर्डर से चार मानव तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

पूर्वी चंपारण में SSB की मानव तस्करी रोधी इकाई ने नेपाल से एक नाबालिग किशोरी को मुक्त कराया और चार तस्करों को गिरफ्तार किया। लड़की को सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाकर नेपाल ले जाया गया था। संयुक्त कार्रवाई में किशोरी को बचाया गया और आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया।

Image

4 मानव तस्करों को सुरक्षा बलों ने दबोचा (सांकेतिक तस्वीर)

Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित मैत्री पुल के निकट SSB की 47वीं बटालियन की मानव तस्करी रोधी इकाई ने एक नाबालिग किशोरी को नेपाल से मुक्त कराया। इस कार्रवाई में चार संदिग्ध मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो पटना के संपत्त चौक सोनागोपाल के रहने वाले हैं।

नाबालिग किशोरी का अपहरण

हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि नाबालिग लड़की को चारों तस्कर वीरगंज से रक्सौल की ओर ले जा रहे थे। संदिग्धों को सीमा पार करने के प्रयास के दौरान रोक लिया गया। मानव तस्करी रोधी इकाई के प्रभारी विकास कुमार ने लड़की से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि लड़की सीतामढ़ी की निवासी है और मोहम्मद शाहिद अंसारी नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए उससे संपर्क किया था। शाहिद ने प्रेम और शादी का झांसा देकर लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया और घर से भगाकर काठमांडू, नेपाल ले गया। वहां उसे आठ दिन तक किराये के मकान में बंधक बनाया गया।

नेपाल बॉर्डर से हुई तस्करों की गिरफ्तारी

शाहिद अंसारी ने लड़की को शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में गुमराह करते हुए भारत ले जाकर शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद वह पटना ले जाने के लिए निकला था, लेकिन सीमा पर पकड़ में आ गया। इसके साथ ही उसके साथियों, मोहम्मद साहिल अंसारी, गोलू अंसारी और सुभान अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई

मुक्त नाबालिग किशोरी के परिजन ने इस मामले में सीतामढ़ी के स्थानीय थाना में अपहरण का केस दर्ज कराया था। मानव तस्करी रोधी इकाई ने किशोरी और आरोपियों को हरैया पुलिस के हवाले कर दिया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में SSB के इंस्पेक्टर विकास कुमार, हवलदार अरविंद द्विवेदी, महिला सिपाहियों नीतू कुमारी, राजन कुमारी, कविता कुमारी, झिल्ली साहू, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की आरती कुमारी, राजगुप्त और स्वच्छ रक्सौल संस्था के रणजीत सिंह और साबरा खातून शामिल थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article