Bihar: बिहार के भागलपुर से दरिंदगी भरा एक मामला सामने आया है। एक पड़ोसी ने ही एक 12 साल की मासूम के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया है। घटना भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की मां अपने मायके गई थी। दरअसल वो डॉक्टर से मिलने गई थी, लेकिन आने में उन्हें जब देर हो गई तो वो अपने मायके में ही रूक गई। इसी बीच पड़ोसी को भनक लग गई कि नाबालिग घर में अकेली है। रात के समय जब नाबालिग सो रही थी, तब वो दीवार फांद कर पीड़िता के घर में घुसा और उसपर टूट पड़ा।
इससे पहले की नाबालिग चिल्ला पाती आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। दुष्कर्म के बाद जब पड़ोसी भागने लगा तो पीड़िता ने चिल्लाकर मदद मांगी। जिसके बाद उसके चाचा-चाची आए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया था। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ, आरोपी की तलाश की गई, लेकिन वो पकड़ में नहीं आया। जिसके बाद पीड़िता की मां को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मां आनन-फानन में अपने घर पहुंची। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और पीड़िता का मेडिकल कराकर आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है। इस मामले में आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं पीड़िता को इस घटना से गहरा मानसिक आघात लगा है, जिसका इलाज किया जा रहा है।
