हाथरस : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बीजेपी नेता कृष्णा यादव की गोली लगने से मौत हो गई है। बीजेपी नेता को लहूलुहान अवस्था में उनके घर में पाया गया। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, पर उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने उनके घर से पिस्तौल और खाली कारतूस बरामद की है। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब यूपी में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 59 सीटों के लिए आज (रविवार, 20 फरवरी) ही मतदान संपन्न हुआ है।
पुलिस को घर से मिला पिस्तौल
यह घटना हाथरस जिले की सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र की है, जहां बीजेपी नेता व पार्टी के जिला महामंत्री कृष्णा यादव की गोली लगने से मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। कृष्णा यादव को उनके परिजन आनन-फानन में गंभीर हालत में इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए। लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। संदिग्ध परिस्थितियों में बीजेपी नेता की मौता से बीजेपी कार्यकर्ताओं में दुख के साथ-साथ आक्रोश भी व्याप्त है।
हाथरस के एसपी सिकंदरा राव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को कृष्णा नाम के एक शख्स को गोली लगने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को बीजेपी नेता के घर में खून के धब्बे मिले। यहां से एक पिस्तौल और खाली कारतूस भी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि बीजेपी नेता को अलीगढ़ में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था। लेकिन उसकी जान नहीं बची। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।

