Delhi: महिला की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस कर रही जांच

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 1, 2021, 07:31 AM IST

दिल्‍ली के शालीमार बाग इलाके में महिला की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना CCTV में कैद हो गई, जिसमें लोगों के एक समूह को लाठी-डंडों से महिला को पीटते देखा जा सकता है।

Delhi: महिला की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस कर रही जांच

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के शालीमार बाग इलाके में एक महिला की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि महिला ने इसके लिए स्‍थानीय विधायक पर आरोप लगाए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने शालीमार बाग से आम आदमी पार्टी की विधायक वंदना कुमारी पर गुंडे भेजकर उन्‍हें पिटवाने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई शिकायत में भी इसका जिक्र है, पर FIR में विधायक का नाम नहीं है। इस संबंध में FIR अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं केा गिरफ्तार किया है, जबकि अन्‍य की तलाश जारी है।

CCTV में कैद घटना

घटना का जो CCTV फुटेज सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि एक कार आकर रुकती है, जिसमें से दो लड़कियां बाहर निकलती हैं। इसके तुरंत बाद कुछ लोग वहां आ जाते हैं, जो लड़कियों से बदसलूकी और उनकी पिटाई करने लगते हैं। इसके बाद कार में ड्राइव‍िंग सीट से एक महिला उनके बचाव में बाहर निकलती है। पर हमलावर बुरी तरह उस महिला की पिटाई करते हैं। उन्‍हें लाठी-डंडों से महिला की पिटाई करते देखा जा सकता है। इसके बाद वे मौके से फरार हो जाते हैं।

यह घटना 19 नवंबर, 2021 (शुक्रवार) रात तकरीबन 10 बजे की है। बुरी तरह घायल महिला को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। अस्‍पताल से बाहर निकलने के बाद महिला ने सबसे पहले CCTV फुटेज निकलवाए और फिर पुलिस में इसे लेकर शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

End of Article