रूह कंपा देने वाला है सौतेली मां का 8 साल के बच्चे के साथ व्यवहार, शरीर के कई चोटों के निशान, सूजे हुए हाथ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 20, 2021, 06:56 AM IST

Delhi News: दिल्ली के हरिनगर में एक सौतेली मां 8 साल के बच्चे की बेरहमी से पिटाई करती थी। दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने उस बच्चे को बचाया है।

रूह कंपा देने वाला है सौतेली मां का 8 साल के बच्चे के साथ व्यवहार, शरीर के कई चोटों के निशान, सूजे हुए हाथ

नई दिल्ली: दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने दिल्ली के हरिनगर इलाके से एक 8 साल के लड़के को बचाया है। लड़के को उसकी सौतेली मां बेरहमी से पीटती थी। पुलिस ने इसमें अभी मामला दर्ज नहीं किया है। डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालीवाल ने निष्क्रियता के लिए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

मालीवाल ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, 'इस 8 साल के बच्चे की चीखें सुनिए,आपका भी दिल दहल जाएगा। पड़ोसी ने हमारी 181 हेल्पलाइन पर फोन करके बताया तो हमने बच्चे को उसकी सौतेली मां के अत्याचार से बचाया। पड़ोसी ने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा मामले में कोई मदद नहीं की गई। मैंने पुलिस को नोटिस भेजा है, तुरंत एफआईआर दर्ज करो!' 

एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'छोटे से 8 साल के बच्चे के साथ सौतेली मां लंबे समय तक मारपीट करती रही। बच्चे की चीखें पूरे मोहल्ले में गूंजती थी। हमारी टीम ने बच्चे को रेस्क्यू करवाया। बच्चे के शरीर पर ऐसी चोटें और जख्म हैं जिन्हें देखकर दिल दहल जाए। पुलिस ने अब तक FIR तक दर्ज नहीं की है। कहां है इंसानियत?' 

दयनीय स्थिति में रह रहा था बच्चा

बच्चे की जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो परेशान कर देने वाली है। उसके हाथ बुरी तरह से सूजे हुए हैं। पूरे शरीर पर चोटों के निशान हैं। उसने बताया कि उसकी सौतेली मां उसे नियमित रूप से और बेरहमी से मारती थी। जब भी वह बाहर जाती थी तो उसे रस्सी से बांध देती थी। लड़के को बाहर जाने, किसी से मिलने की इजाजत नहीं थी। उसे फर्श पर सुलाया जाता था और भोजन भी ठीक से नहीं दिया जाता था। बच्चा काफी दयनीय स्थिति में रह रहा था।

End of Article