Haryanvi Singer Dead Body: 12 दिनों से लापता हरियाणवी सिंगर का शव मिला, 2 आरोपी गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 24, 2022, 05:22 PM IST

missing Haryanvi singer Dead body:कुछ दिन पहले लापता हुई एक हरियाणवी गायिका का शव हरियाणा के मेहम से मिला है वो 11 मई से लापता थी।

Haryanvi Singer Dead Body: 12 दिनों से लापता हरियाणवी सिंगर का शव मिला, 2 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: हरियाणवी सिंगर संगीता उर्फ दिव्या 11 मई से लापता थी, लेकिन अब हरियाणा के रोहतक जिले में हाईवे के निकट हरियाणवी सिंगर का शव मिला है दिव्या के परिवार वालों ने उसके अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। कुछ दिन पहले लापता हुई एक हरियाणवी गायिका का शव हरियाणा के मेहम से मिला है और उसकी हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि संगीता उर्फ दिव्या 11 मई से लापता थी और उसके परिवार ने 14 मई को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में यहां जेपी कलां थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 365 (गलत तरीके से व्यक्ति को कैद करने के इरादे से अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गायिका की हत्या का षड्यंत्र रचा था

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान रवि और अनिल को शनिवार को मेहम में गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गायिका की हत्या का षड्यंत्र रचा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को रविवार को संगीता का शव मिला और मामले में हत्या संबंधी धाराएं भी जोड़ी गईं।पुलिस उपायुक्त (द्वारका) शंकर चौधरी ने बताया कि आरोपियों ने एक संगीत वीडियो बनाने के बहाने उससे संपर्क किया था। 

संगीता को नशीला पदार्थ दिया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई

उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति दिल्ली से उसे अपने साथ लेकर गया, उसे नशीला पदार्थ दिया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।चौधरी ने बताया कि आरोपियों ने शव को मेहम थाना क्षेत्र में दफना दिया था।पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव उसके परिजन को सौंप दिया गया।

भीम आर्मी ने पीड़िता से गैंग रेप किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया

उन्होंने बताया कि गायिका के संबंधी, भीम आर्मी और अन्य दल के कुछ स्थानीय नेता जेपी कलां थाने में शव लेकर आए और पीड़िता से सामूहिक बलात्कार किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।पुलिस ने बताया कि बलात्कार को लेकर अभी तक कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले महिला के दोस्त थे और गायिका ने इससे पहले रवि के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था।

End of Article