बिहार के बक्‍सर में दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली वारदात, बीच सड़क धारदार हथियार से वार कर ली पत्‍नी की जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 7, 2020, 05:49 PM IST

Bihar Crime: बिहार के बक्‍सर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्‍स ने दिनदहाड़े बीच सड़क धारदार हथियार से पत्‍नी की हत्‍या कर दी और फिर सरेंडर करने पुलिस थाने पहुंच गया।

बिहार के बक्‍सर में दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली वारदात, बीच सड़क धारदार हथियार से वार कर ली पत्‍नी की जान
Photo Credit: BCCL

बक्‍सर : बिहार के बक्‍सर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शख्‍स ने अपनी पत्‍नी की धारदार हथियार से वार कर हत्‍या कर दी और फिर खुद ही पुलिस के पास आत्‍मसमर्पण करने पहुंच गया। यह घटना दिनदहाड़े बीच सड़क पर हुई, जिसके गवाह कई लोग बने। लोगों ने उसे रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन शख्‍स के सिर पर खून सवार था, जो पत्‍नी की हत्‍या करने के बाद सरेंडर करने पुलिस थाने पहुंचा। 

कोर्ट में चल था केस

यह घटना बक्सर के ब्रह्मपुर थाना इलाके के  ब्रह्मपुर शिव मंदिर रोड कुमार मॉल के पास की है, जहां बीच सड़क पर पति ने अपनी पत्नी के गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। दोनों की शादी साल 2013 में हुई थी और उनकी एक बेटी भी है। हालांकि दोनों के संबंध ठीक नहीं रहे और मामला कोर्ट तक जा पहुंचा, जहां महिला ने पति से गुजारा-भत्‍ता की मांग की।

पत्‍नी ने मांगा था गुजारा-भत्‍ता

आपसी कलह के कारण पिछले करीब तीन साल से दोनों अलग रह रहे थे और महिला ने केस दर्ज कर पति से गुजारे-भत्‍ते की मांग की थी। हालांकि वह इसके लिए तैयार नहीं था और लगातार महिला पर दबाव बना रहा था कि वह केस वापस ले ले। महिला ने जब ऐसा नहीं किया तो वह बौखला गया और अंतत: उसने धारदार हथियार से उसकी हत्‍या कर दी। यह घटना सुबह करीब 9 बजे के आसपास की बताई जा रही है जब महिला अपने काम पर जा रही थी।

दिनदहाड़े ने दिया वारदात को अंजाम

महिला ब्रम्हपुर स्थित कुमार मॉल में काम करके गुजर बसर कर रही थी, जबकि उसका पति राज मिस्त्री के साथ हेल्पर का काम करता था। शुक्रवार सुबह 9 बजे के आसपास जब वह अपने काम के लिए जा रही थी तभी उसका पति वहां पहुंचा और उसने धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया। रास्‍ते में कई अन्‍य लोग भी मौजूद थे, जिन्‍होंने उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि उसके हाथ में धारदार हथियार देखकर कोई भी उसके पास नहीं गया और उन्‍होंने पत्‍थर मारकर उसे रोकने का प्रयास किया, पर उस पर खून सवार था। वह तब तक पत्‍नी पर वार करता रहा, जब तक कि उसकी सांस नहीं टूट गई।

इसके बाद वह खुद ही पुलिस थाने पहुंचा और सरेंडर कर अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसकी पहचान ब्रह्मपुर निवासी अलगू यादव के तौर पर की गई है, जबकि महिला झारखंड में पाकुड़ जिले की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने महिला का शव पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया है।

End of Article