Bengaluru Crime News: बेंगलुरु में क्रॉस ड्रेसर की चाकू मारकर हत्या करने वाला आरोपी ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार, जानिए मर्डर की वजह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 11, 2022, 09:51 AM IST

Bengaluru Crime News: बेंगलुरु में क्रॉस-ड्रेसर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। नशे में धुत ऑटो ड्राइवर ने चाकू मारकर क्रॉस-ड्रेसर की हत्या की थी।

Bengaluru Crime News: बेंगलुरु में क्रॉस ड्रेसर की चाकू मारकर हत्या करने वाला आरोपी ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार, जानिए मर्डर की वजह
Photo Credit: ANI

Bengaluru Crime News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में क्रॉस-ड्रेसर की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की उम्र 26 साल है। नशे में धुत ऑटो ड्राइवर ने क्रॉस-ड्रेसर की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पड़ोसियों की ओर से अपार्टमेंट से बदबू आने की शिकायत के बाद पुलिस को उसका क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक की उम्र 32 साल थी और उसका नाम प्रदीप था। आरोपी ऑटो ड्राइवर रक्षित गौड़ा नशे की हालत में प्रदीप के घर आया था।

क्रॉस ड्रेसर की हत्या करने वाला आरोपी ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार

प्रदीप ने कथित तौर पर रक्षित को थप्पड़ मारा और फिर दोनों के बीच लड़ाई शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक सबसे पहले प्रदीप ने रक्षित को चाकू मारा था। इससे गुस्साए रक्षित ने चाकू छीन लिया और प्रदीप के पेट और बाएं हाथ में बार-बार वार किया। इसके बाद रक्षित ने अपार्टमेंट का दरवाजा बाहर से बंद कर लिया और मौके से फरार हो गया। घटना का पता तब चला जब पड़ोसियों ने अपार्टमेंट से बदबू आने की शिकायत की। 

इसके बाद बिल्डिंग के केयरटेकर सुरेश ने पुलिस को इस बारे में खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदीप को महिला की ड्रेस में मृत पाया। मामले को सुलझाने के लिए एसीपी सुधीर एम हेगड़े और इंस्पेक्टर पॉल प्रियकुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। पुलिस को घटना का पता 2 जून को लगा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि केयरटेकर ने हमें बताया कि पीड़ित एक महिला थी। शव सड़ चुका था, इसलिए चाकू से वार के निशान नहीं दिख रहे थे। हमें लगा कि उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई होगी।

सीसीटीवी कैमरों की जांच में मिला आरोपी

सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर मदीवाला पुलिस ने 30 मई  को अपार्टमेंट में आए कम से कम 36 लोगों की जांच की। उन्होंने आधी रात को ऑटो ड्राइवर रक्षित गौड़ा प्रदीप के फ्लैट से निकलते हुए देखा। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम से पता चला कि पीड़ित एक आदमी था और उसे चाकू मार दिया गया था। साथ ही कहा कि हमारी जांच से पता चला कि पीड़ित एक क्रॉस ड्रेसर था। प्रदीप आरोपी से तब मिला था, जब उसने अपना ऑटो किराए पर लिया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गौड़ा ने पुलिस को बताया  कि वह एक साल से प्रदीप के संपर्क में था और अक्सर उसके फ्लैट पर जाता था। गौड़ा 30 मई की शाम को भी प्रदीप के फ्लैट पर गया और उन्होंने कुछ निजी पल बिताए। इसी दौरान प्रदीप ने गौड़ा की किसी बात पर आपत्ति जताई। लेकिन जब गौड़ा ने उसकी बात नहीं सुनी तो वह नाराज हो गया। उसने चाकू लिया और गौड़ा पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। इस दौरान गौड़ा ने प्रदीप पर काबू पा लिया और चाकू छीनते ही उसके पेट और हाथों में छुरा घोंप दिया। प्रदीप की मौत होने का अहसास होने पर वह वहां से भाग गया।
 

End of Article