Delhi: दिल्ली के खजूरी खास में 19 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 28, 2022, 07:02 AM IST

Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात एक 19 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना खजूरी खास इलाके की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Delhi: दिल्ली के खजूरी खास में 19 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच
Photo Credit: ANI

Delhi: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शुक्रवार रात 19 साल के एक लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक रात करीब 10.40 बजे उसके सीने में गोली मारी गई। 19 साल का सोहेल पिछले छह साल से श्रीराम कॉलोनी में अपने चाचा के साथ रह रहा था। वह एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करता था।

सोहेल के चचेरे भाई मुबारक अंसारी ने कहा कि सोहेल मेरी मौसी का बेटा है। वह यहां हमारे साथ रहता था। मुझे इस घटना के बारे में अपने दोस्त से पता चला। जब मैं यहां पहुंचा तो देखा कि सोहेल जमीन पर पड़ा है। मुझे बताया गया कि कुछ लोगों ने उसे गोली मार दी और फिर वो भाग गए। साथ ही कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोहेल को अस्पताल ले गई है। हम चाहते हैं कि पुलिस जल्द ही हत्यारे की पहचान कर ले। 

फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का किया मुआयना

सोहेल के चचेरे भाई ने कहा कि उसका कोई दुश्मन नहीं था। वह काम पर जाता था और सीधे घर आता था। वह पिछले छह साल से हमारे साथ रह रहा था। हमने आज तक किसी के साथ उसकी लड़ाई के बारे में कभी नहीं सुना। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक लड़का खून से लथपथ पड़ा है। जांच करने पर उसके सीने पर गोली लगने का निशान पाया गया। उसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। 

शुरुआती जांच में पुलिस ने की संदिग्ध की पहचान

पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।

End of Article