79 वर्षीय महिला के साथ 17 लाख की ठगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Cyber Fraud: कर्नाटक के मंगलूरु में एक 79 वर्षीय महिला को 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। बुजुर्ग महिला के साथ एक-दो हजार या एक-दो लाख नहीं, बल्कि 17 लाख रुपये की ठगी हुई, लेकिन मंगलूरु सिटी पुलिस की तत्काल कार्रवाई की बदौलत कुछ दिनों में बुजुर्ग के चेहरे की मुस्कान लौट आई और उनका पैसा वापस मिल गया।
डीसीपी (कानून और व्यवस्था) मिथुन एचएन ने बताया कि पीड़िता ने गोल्डन आवर के दौरान पुलिस को सूचित किया जिसकी बदौलत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और ठगी करने वाले के बैंक खाते को फ्रीज कर दिया। चार दिनों के अंदर पीड़िता के खाते में पूरा पैसा वापस कर जमा कर दिया गया।
यह मामला 23 अक्टूबर का है जब बेजई की बुजुर्ग महिला के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एक पुलिस अधिकारी बताते हुए बुजुर्ग महिला खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कही। साथ ही धमकी दी कि यदि उन्होंने वेरिफिकेशन के लिए एक बैंक खाते में 17 लाख रुपये जमा नहीं किए तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ठग ने इस मामले को किसी के साथ साझा न करने की चेतावनी भी दी।
कथित तौर पर खुद को एक पुलिस अधिकारी बताने वाले ठग ने पीड़िता को वॉट्सएप कॉल पर 5 घंटे तक 'डिजिटल अरेस्ट' बनाए रखा। हालांकि, पीड़िता के पास यूपीआई ऐप तक पहुंच नहीं थी, ऐसे में ठग ने उन्हें बैंक जाकर अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तोड़ने और पैसे ट्रांसफर करने को कहा और महिला ने 17 लाख रुपये ठग के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए।
बाद में पीड़िता के पड़ोसियों में से एक को जब इसकी भनक लगी तो वह बुजुर्ग महिला को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंची और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके तत्काल बाद पुलिस ने ठग के खाते में 17 लाख रुपये की राशि फ्रीज कर दी।
बकौल रिपोर्ट, 27 अक्टूबर को कोर्ट के आदेश के बाद फ्रीज की गई राशि पीड़िता के अकाउंट में वापस जमा करा दी गई। डीसीपी (कानून और व्यवस्था) मिथुन एचएन ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ऐसे घोटालों का शिकार होने से बचना चाहिए। किसी भी साइबर हमले की स्थिति में तुरंत 1930 डॉयल करें और नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। साथ ही उन्होंने कहा कि न तो पुलिस और न ही कोई केंद्रीय एजेंसी 'डिजिटल गिरफ्तारी' का सहारा लेती है।