क्राइम

जयपुर में इंसानियत हुई शर्मसार; पड़ोसन बनी हैवान, 5 साल की मासूम को तड़पा-तड़पाकर उतारा मौत के घाट

जयपुर के हरमाड़ा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। मामूली विवाद और आपसी रंजिश के चलते एक महिला पर पड़ोस की 5 साल की मासूम बच्ची की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।

Image

जयपुर में सनसनीखेज वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jaipur Child Murder Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। नीदड़ बैनाड़ इलाके में मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक महिला ने पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला ने सबूत छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्ची के कपड़े उतारकर उसके शव को पलंग के बॉक्स में छुपा दिया। वह रात के अंधेरे में शव को कहीं ठिकाने लगाने की फिराक में थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गई।

पुलिस जांच में क्या सामने आया?

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने सुनियोजित तरीके से बच्ची को अपने घर बुलाया और उसके साथ क्रूरता की हद पार कर दी। बताया गया कि उसने बच्ची को कंबल में लपेटकर जिंदा ही पलंग के अंदर बंद कर दिया और ऊपर से रजाई और कपड़े डालकर उसे पूरी तरह ढक दिया। बच्ची की आवाज बाहर न आए, इसके लिए उसने टीवी की आवाज भी तेज कर दी। इसी दमघोंटू हालात में मासूम की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

पलंग के अंदर से बच्ची का शव बरामद

जयपुर (पश्चिम) डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने यह स्वीकार किया कि वह रात के समय शव को किसी सुनसान जगह पर बिना कपड़ों के फेंकना चाहती थी, ताकि शक किसी पुरुष पर जाए और पुलिस भ्रमित हो जाए। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर पलंग के अंदर से बच्ची का शव बरामद कर लिया। इस मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। बताया गया है कि यह पूरी साजिश रचने वाली महिला केवल चौथी पास है।

आखिर क्यों दिया इस वारदात को अंजाम?

डीसीपी ने यह भी बताया कि हत्या के आरोप में 30 वर्षीय गुड़िया नाम की महिला को गिरफ्तार लिया गया है। जांच में सामने आया कि उसे शक था कि उसका पति बच्ची की मां से बातचीत करता है और दोनों के बीच नजदीकियां हैं, जिससे वह बेहद नाराज थी। कुछ समय पहले जब वह बच्ची की मां के घर पानी लेने गई थी, तो उसे वहां से लौटा दिया गया, जिससे उसका गुस्सा और बढ़ गया। पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह बच्ची की मां को मानसिक रूप से टूटता हुआ और दुखी देखना चाहती थी, जिसके चलते उसने इस भयावह वारदात को अंजाम दिया।

बच्ची की तलाश का दिखावा करती रही

डीसीपी के अनुसार यह घटना 13 जून की बताई जा रही है। उस समय बच्ची का पिता लोहामंडी में मजदूरी करने गया हुआ था, जबकि उसकी मां घर पर मौजूद थी। इसी दौरान दोपहर में मासूम बच्ची आरोपी महिला के घर चली गई। आरोप है कि महिला ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया, उसके कपड़े उतारे और फिर कंबल में लपेटकर उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने बच्ची के शव को कंबल में लपेटकर पलंग के अंदर छुपा दिया और ऊपर से रजाई डालकर उसे बंद कर दिया। इस बीच वह खुद भी कॉलोनी के लोगों के साथ बच्ची की तलाश का दिखावा करती रही।

बच्ची के कपड़े और चप्पल भी बरामद

जब बच्ची के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी, तो सूचना मिलते ही एएसआई हरिसिंह, कांस्टेबल रामकिशोर और धर्मपाल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बच्ची दोपहर करीब 12 बजे आरोपी महिला के घर जाती दिखाई दी, लेकिन उसके बाद वह बाहर निकलती नजर नहीं आई। इसी आधार पर पुलिस को शक हुआ और जब महिला के घर की तलाशी ली गई, तो पलंग खोलने पर अंदर से मासूम का शव बरामद हुआ। बाद में आरोपी की निशानदेही पर बच्ची के कपड़े और चप्पल भी बरामद कर लिए गए।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article