क्राइम

Delhi: शादी के जश्न में खूनखराबा; चाकू के हमले से किशोर की मौत, एक अन्य घायल

दिल्ली के बाहरी इलाके में शुक्रवार रात एक विवाह समारोह के दौरान खाने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर निखिल यादव की मौत हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हुआ। झगड़े के दौरान निखिल और उसके मित्र ने विवाद सुलझाने की कोशिश की, तभी उन पर चाकू से हमला किया गया।

Image

दिल्ली में शादी समारोह में चाकू के हमले में किशोर की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली के बाहरी इलाके में उस वक्त हड़कंप जब एक विवाह समारोह में खाने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद में चाकू से किए गए हमले में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे रानी बाग इलाके में घटी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है, जो एक मोटर मैकेनिक था जबकि घायल की पहचान उसके दोस्त सनी के रूप में हुई है। मृ्तक और उसका दोस्त दोनों ही रोहिणी के रहने वाले थे, ऐसा पुलिस ने बताया।

दो समूहों के बीच हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, विवाह समारोह में खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर दो समूहों के बीच विवाद हुआ, जो जल्दी ही हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निखिल और सनी ने झगड़ा रोकने की कोशिश की, तभी एक अन्य नाबालिग ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों लड़कों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया।

मुख्य आरोपी और उसका साथी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, सनी को कमर के नीचे चोट लगी है और उसका इलाज जारी है, उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस की अपराध जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज समेत जरूरी सबूत जुटाए। मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया। निखिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

उत्तरपूर्वी इलाके में हुई चार नाबालिगों की गिरफ्तारी

वहीं इससे पहले राजधानी के उत्तरपूर्वी इलाके में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, जिसकी जानकारी शुक्रवार को दी गई। अधिकारियों के अनुसार, न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल के पास डीडीए पार्क में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच में मृतक की पहचान जैद (17) के रूप में हुई।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच के दौरान टीम ने कई सुरागों का विश्लेषण किया और हत्या में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने के लिए विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाई। इन सुरागों के आधार पर 15 से 17 वर्ष आयु के चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में नाबालिगों ने अपने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की और बताया कि उनके और पीड़ित के बीच दुश्मनी थी। पुलिस के मुताबिक, उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। इस मामले की जांच अभी जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article