दिल्ली के लिए बुरी खबर, एक ओवर में दो विकेट लेने के बाद चोटिल हुए रविचंद्रन अश्निन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 21, 2020, 01:45 AM IST

R Ashwin Injured: रविचंद्रन अश्निन ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार डेब्यू करते हुए एक ओवर में दो विकेट लेकर चोटिल हो गए।

दिल्ली के लिए बुरी खबर, एक ओवर में दो विकेट लेने के बाद चोटिल हुए रविचंद्रन अश्निन

दुबई: दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू मैच खेलते हुए रविचंद्रन अश्निन ने धमाकेदार शुरुआत की और एक ओवर में दो विकेट लेकर अपने पुरानी टीम को मुश्किल में डाल दिया लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर वो चोटिल होकर पवेलियन लौट गए। ये दिल्ली कैपिटल्स के लिए बुरी खबर है। ओवर की आखिरी गेंद पर फॉलो थ्रू में गेंद को रोकते हुए संभत: उनके कंधे में चोट लग गई। जब फीजियो उन्हें मैदान से बाहर लेकर जा रहे थे तब वो दर्द से कराह रहे थे। 

अश्निन ने धमाकेदार अंदाज में शुरुआत करते हुए छठे ओवर की पहली और चौथी गेेंद पर करुण नायर और निकोलस पूरन को चलता कर दिया। अपनी पहली ही गेंद पर करुण नायर को अश्निन ने पृथ्वी शॉ के हाथों लपकवा दिया। इसके बाद चौथी गेंद पर निकोलस पूरन को छकाकर बोल्ड कर दिया। ऐसे में 1 ओवर में 2 रन देकर अश्निन ने 2 विकेट लिए और पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि इसके बाद आखिरी गेंद पर वो चोटिल हो गए। उनके बांए हाथ का कंधा डिस्लोकेट हो गया था। ऐसे में माना जा रहा था कि वो आने वाले कुछ मैचों से बाहर हो सकते हैं। 

मैच के बाद आधिकारिक ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि मैंने अश्विन से बात की है और उन्होंने कहा है कि वो अगले मैच से पहले ठीक हो जाएंगे। लेकिन इस बारे में अंतिम फैसला फीजियो को करना है। अश्विन दिमागी रूप से मजबूत खिलाड़ी हैं। मैं आशा करता हूं कि वो अगले मैच में उपलब्ध रहेंगे। 

पंजाब के खिलाफ रोमांचक अंदाज में सुपर ओवर में दिल्ली ने जीत हासिल की। दोनों ही टीमें निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 157 रन बना सकीं। ऐसे में जीत के साथ शुरुआत करने के बाद दिल्ली 25 सितंबर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी।



End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!