IPL 2021, DC vs RR: आज दिल्ली और राजस्थान की टक्कर, ऐसी हो सकती है दोनों की प्लेइंग-11

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 25, 2021, 07:00 AM IST

DC vs RR Playing-11, ipl 2021, Today's IPL match dream 11: आज आईपीएल 2021 के 36वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टक्कर होगी। आइए जानते हैं दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन।

IPL 2021, DC vs RR: आज दिल्ली और राजस्थान की टक्कर, ऐसी हो सकती है दोनों की प्लेइंग-11
Photo Credit: PTI

IPL 2021, DC vs RR Team Playing 11 Today Match: आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में आज दो मुकाबले खेले जाने हैं। आज का पहला मुकाबला दोपहर में 3.30 बजे (भारतीय समय के मुताबिक) खेला जाएगा। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। दिल्ली कैपिटल्स ने भारत में खेले गए पहले चरण में 8 में से 6 मैचों में जीत दर्ज की थी।

दिल्ली कैपिटल्स ने दूसरे चरण में सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर अच्छी शुरुआत की जिससे वो अभी अंकतालिका में 14 अंक लेकर शीर्ष पर बनी हुई है। दूसरी तरफ पहले चरण में संघर्ष करने वाली रॉयल्स की टीम का पंजाब किंग्स के खिलाफ दो रन की रोमांचक जीत से मनोबल बढ़ा होगा। दिल्ली के खिलाफ जीत से रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को पंख लगा सकता है।

संजू पर होगी अधिक जिम्मेदारी

पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और महिपाल लोमरोर ने अच्छी बल्लेबाजी की थी लेकिन कप्तान संजू सैमसन को अधिक जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी और बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर रहमान ने आखिर में अच्छी भूमिका निभायी। टीम उनसे दिल्ली के खिलाफ भी डेथ ओवरों में इसी तरह की गेंदबाजी की उम्मीद करेगी।

दिल्ली के इन खिलाड़ियों पर नजरें

राजस्थान को इस मैच में दिल्ली की मजबूत बल्लेबाजी का सामना करना होगा जिसमें शिखर धवन और पृथ्वी शॉ की सलामी जोड़ी अच्छी लय में नजर आ रही है। श्रेयस अय्यर ने चोट से उबरने के बाद अच्छी वापसी की है। उन्होंने पिछले मैच में नाबाद 47 रन बनाये। दिल्ली के मध्यक्रम में कप्तान रिषभ पंत, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ और वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं। गेंदबाजी विभाग में दिल्ली के तीनों तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्जे और अवेश खान अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। रॉयल्स के बल्लेबाजों की इन तीनों के सामने कड़ी परीक्षा होगी।

दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग-11

रिषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, स्टीव स्मिथ / मार्कस स्टोइनिस, शिमरोन हेटमायर, एनरिक नॉर्ट्जे, आवेश खान, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन और कगिसो रबाडा।

राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग-11

संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), एविन लिविस, यशस्वी जायसवाल, राहुल तेवतिया, क्रिस मॉरिस, कार्तिक त्यागी, महिपाल लोमरोर, लियाम लिविंगस्टोन, मुस्तफिजुर रहमान, रियान पराग और चेतन सकारिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!