उमरान मलिक ने फेंकी आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद, 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 5, 2022, 11:12 PM IST

Umran Malik fastest bowl of IPL 2022: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद डाली। उमरान ने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी, जिस पर पॉवेल ने चौका जमाया।

उमरान मलिक ने फेंकी आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद, 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

मुंबई: सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद डाली है। दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ मुंबई के ब्रेबोर्न स्‍टेडियम पर खेले गए मैच में उमरान मलिक ने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली। मलिक ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स की पारी के आखिरी ओवर में यह गेंद डाली, जिस पर पॉवेल ने मिड ऑफ और कवर्स के बीच से चौका जमाया।

इससे पहले 12वें ओवर में डेविड वॉर्नर के खिलाफ मलिक ने 154.8 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद डाली थी। मलिक ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ अपना ही सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड तोड़ डाला। इससे पहले पुणे के एमसीए स्‍टेडियम में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के खिलाफ उन्‍होंने 154 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद डाली थी।

युवा तेज गेंदबाज ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने आईपीएल करियर की सर्वश्रेष्‍ठ गेंदबाजी की थी। इस मैच में उनकी टीम सनराइजर्स हैदराबाद को शिकस्‍त मिली थी, लेकिन तेज गेंदबाज ने अपने प्रयास से काफी प्रभावित किया था। उमरान मलिक ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 25 रन देकर पांच विकेट लिए थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

ध्‍यान हो कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में सिर्फ मलिक ने ही सभी विकेट लिए थे। तब सनराइजर्स हैदराबाद के अन्‍य गेंदबाजों को एक भी विकैट नहीं मिला था। उमरान मलिक की इन दिनों काफी चर्चा है और उन्‍हें भारतीय टीम में शामिल करने की जोरदार मांग चल रही है। हाल ही में भारतीय टीम के पूर्व विस्‍फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने कहा था कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी घरेलू टी20 सीरीज में उमरान मलिक को भारतीय टीम में जगह मिलनी चाहिए।

आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद डालने का रिकॉर्ड शॉन टैट के नाम दर्ज है। पूर्व ऑस्‍ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने 157.71 किमी प्रति घंटे की गति से गेंद डाली थी। इसके बाद उमरान मलिक दूसरे स्‍थान पर पहुंच गए हैं, जिन्‍होंने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डाली। तीसरे नंबर पर एनरिच नॉर्ट्जे हैं, जिन्‍होंने 156.22 और 155.21 व 154.74 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदें डाली। फिर डेल स्‍टेन 154.4 किमी प्रति घंटे के साथ चौथे और कगिसो रबाडा 154.23 किमी प्रति घंटे की गति के साथ पांचवें स्‍थान पर हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!