LIVE

PAK vs AUS, T20 WC Semi-Final 2 Match Highlights: ऑस्‍ट्रेलिया फाइनल में न्‍यूजीलैंड से भिड़ेगा, पाकिस्‍तान को 5 विकेट से रौंदा

Pakistan vs Australia (PAK vs AUS), T20 World Cup Semi-Final Match Highlights: मैथ्‍यू वेड (41*) द्वारा शाहीन शाह अफरीदी के ओवर में लगातार तीन छक्‍के की मदद से ऑस्‍ट्रेलिया टी20 वर्ल्‍ड कप 2021 के फाइनल में पहुंच गया। ऑस्‍ट्रेलिया ने गुरुवार को रोमांचकारी दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्‍तान को 6 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से हरा दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Nov 12, 2021, 12:55 IST
Follow on Google News
PAK vs AUS, T20 WC Semi-Final 2 Match Highlights: ऑस्‍ट्रेलिया फाइनल में न्‍यूजीलैंड से भिड़ेगा, पाकिस्‍तान को 5 विकेट से रौंदा

Pakistan vs Australia (PAK vs AUS), T20 World Cup Semi-Final Match Highlights:  मैथ्‍यू वेड (41*) द्वारा शाहीन शाह अफरीदी के ओवर में लगातार तीन छक्‍के की मदद से ऑस्‍ट्रेलिया टी20 वर्ल्‍ड कप 2021 के फाइनल में पहुंच गया। ऑस्‍ट्रेलिया ने गुरुवार को रोमांचकारी दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्‍तान को 6 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से हरा दिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में पाकिस्‍तान ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया। अब ऑस्‍ट्रेलिया का फाइनल में मुकाबला 14 नवंबर को न्‍यूजीलैंड से होगा। 

ऑस्‍ट्रेलिया का रिकॉर्ड कायम

ऑस्‍ट्रेलिया का आईसीसी इवेंट्स के नॉकआउट मुकाबलों में पाकिस्‍तान के खिलाफ अजेय रिकॉर्ड आज भी कायम रहा। वहीं पाकिस्‍तान को दुबई में लगातार 16 जीत के बाद आज पहली शिकस्‍त मिली।

ऑस्‍ट्रेलिया की पारी का हाल

177 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की शुरूआत खराब रही। कप्‍तान आरोन फिंच को शाहीन अफरीदी ने खाता भी नहीं खोलने दिया और एलबीडब्‍ल्‍यू आउट कर दिया। यहां से डेविड वॉर्नर (49) और मिचेल मार्श (28) ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। शादाब खान ने फिर पाकिस्‍तान की जोरदार वापसी कराई। उन्‍होंने मिचेल मार्श को डीप मिडविकेट में आसिफ अली के हाथों कैच आउट कराया। फिर स्‍टीव स्मिथ (5) को फखर जमान के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद डेविड वॉर्नर (49) को विकेटकीपर रिजवान के हाथों झिलवाया। 

ग्‍लेन मैक्‍सवेल (7) को शादाब खान ने अपना चौथा शिकार बनाया, जिनका डीप प्‍वाइंट पर हैरिस राउफ ने शानदार कैच लपका। 96/5 के स्‍कोर से ऑस्‍ट्रेलिया की पारी मार्कस स्‍टोइनिस (40*) और मैथ्‍यू वेड (41*) ने आगे बढ़ाई। दोनों के ऊपर गजब का दबाव था क्‍योंकि ऑस्‍ट्रेलिया को 12 रन प्रति ओवर से रन बनाने की नौबत आ गई थी। ऑस्‍ट्रेलिया को अंतिम 4 ओवर में 50 रन बनाने की जरूरत थी। सबसे पहले हैरिस राउफ के ओवर में कंगारू बल्‍लेबाजों ने 13 रन बनाए।

तब समीकरण आया कि 18 गेंदों में 37 रन की दरकार। वेड-स्‍टोइनिस ने हसन अली द्वारा किए 18वें ओवर में 15 रन बना दिए और कहानी आ गई कि 12 गेंदों में 22 रन की जरूरत। 19वां ओवर शाहीन अफरीदी करने आए। पहली गेंद डॉट रही। दूसरी गेंद पर लेग बाय का एक रन मिला। तीसरी गेंद वाइड रही। चौथी गेंद मैथ्‍यू वेड का हसन अली ने डीप मिडविकेट पर आसान कैच टपका दिया। वेड ने दो रन दौड़कर लिए।

फिर चौथी गेंद पर वेड ने स्‍कूप शॉट के जरिये छक्‍का जमा दिया। पांचवीं गेंद पर लेग साइड में पावरफुल शॉट जमाया। आखिरी गेंद पर फिर स्‍कूप शॉट के जरिये छक्‍का जमाकर ऑस्‍ट्रेलिया की जीत पर मुहर लगा दी। पाकिस्‍तान की तरफ से शादाब खान ने चार जबकि शाहीन अफरीदी को एक विकेट मिला।

पाकिस्‍तान की पारी का हाल

इससे पहले मोहम्‍मद रिजवान (67) और फखर जमान (55*) के धमाकेदार अर्धशतकों की बदौलत पाकिस्‍तान ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 176 रन बनाए। पहले बल्‍लेबाजी के लिए आमंत्रित पाकिस्‍तान को कप्‍तान बाबर आजम (39) और मोहम्‍मद रिजवान (67) ने 71 रन की साझेदारी करके दमदार शुरूआत दिलाई। एडम जंपा ने 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर आजम को लांग ऑन में डेविड वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्‍तान को पहला झटका दिया। यहां से रिजवान को फखर जमान (55*) का अच्‍छा साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। रिजवान ने इस बीच 41 गेंदों में अपना 11वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया।

स्‍टार्क ने 18वें ओवर में रिजवान को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराकर पाकिस्‍तान को दूसरा झटका दिया। रिजवान ने 52 गेंदों में तीन चौके और चार चौके की मदद से 67 रन बनाए। अगले ओवर में कमिंस ने आसिफ अली को खाता नहीं खोलने दिया और लांग ऑन में स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। स्‍टार्क ने फिर शोएब मलिक (1) को बोल्‍ड किया। फखर जमान ने आखिरी ओवर में दो छक्‍के जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। वो 32 गेंदों में 3 चौके और चार छक्‍के की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्‍ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्‍टार्क ने दो जबकि एडम जंपा और पैट कमिंस को एक-एक सफलता मिली।

टॉस का बॉस

ऑस्‍ट्रेलिया के कप्‍तान आरोन फिंच ने गुरुवार को पाकिस्‍तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऑस्‍ट्रेलिया और पाकिस्‍तान दोनों ने अपनी प्‍लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

Live Streaming PAK vs AUS: आप पाकिस्‍तान बनाम ऑस्‍ट्रेलिया मैच का लाइव प्रसारण Star Sports Network व Disney+ Hotstar पर देख सकते हैं। इस मैच का प्रसारण स्‍टार स्‍पोर्ट्स 1, स्‍टार स्‍पोर्ट्स एचडी 1, स्‍टार स्‍पोर्ट्स 3, स्‍टार स्‍पोर्ट्स एचडी 3 पर भी होगा। डिजनी प्‍लस हॉटस्‍टार पर आप लाइव स्‍ट्रीमिंग का आनंद उठा सकते हैं। टाइम्‍स नाउ नवभारत पर आप इन मैचों से जुड़े ताजा अपडेट्स और रोचक स्‍टोरी पढ़ सकते हैं।

दोनों टीमों की प्‍लेइंग 11

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन (Pakistan Playing 11)

बाबर आजम (कप्‍तान), मोहम्‍मद रिजवान, फखर जमान, मोहम्‍मद हफीज, शोएब मलिक, आसिफ अली, इमाद वसीम, शादाब खान, हसन अली, शाहीन अफरीदी और हैरिस राउफ।

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन (Australia Playing 11)

ऑस्‍ट्रेलिया  डेविड वॉर्नर, आरोन फिंच (कप्‍तान), मिचेल मार्श, स्‍टीव स्मिथ, ग्‍लेन मैक्‍सवेल, मार्कस स्‍टोइनिस, मैथ्‍यू वेड, पैट कमिंस, मिचेल स्‍टार्क, एडम जंपा और जोश हेजलवुड।

NOV 11, 2021 23:17 IST

फाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया

मैथ्‍यू वेड (41*) द्वारा शाहीन शाह अफरीदी के ओवर में लगातार तीन छक्‍के की मदद से ऑस्‍ट्रेलिया टी20 वर्ल्‍ड कप 2021 के फाइनल में पहुंच गया। ऑस्‍ट्रेलिया ने गुरुवार को रोमांचकारी दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्‍तान को 6 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से हरा दिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में पाकिस्‍तान ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल कर लिया। अब ऑस्‍ट्रेलिया का फाइनल में मुकाबला 14 नवंबर को न्‍यूजीलैंड से होगा।

NOV 11, 2021 23:11 IST

मैथ्‍यू वेड ऑस्‍ट्रेलिया की जीत के हीरो

शाहीन अफरीदी ने 19वें ओवर की शानदार शुरूआत की। पहली दो गेंदों में केवल 1 रन दिया। तीसरी गेंद पर हसन अली ने डीप मिडविकेट पर मैथ्‍यू वेड का आसान कैच टपका दिया। चौथी गेंद पर मैथ्‍यू वेड ने फाइन लेग की दिशा में छक्‍का जड़ दिया। वेड ने ऑफ स्‍टंप पर रूम बनाया और पैर के पास से स्‍कूप शॉट खेलकर 6 रन हासिल किए। वेड ने पांचवीं गेंद पर लेग साइड में करारा छक्‍का जमाया। 90 मीटर की दूरी का यह छक्‍का। लाजवाब मैथ्‍यू वेड। वेड ने आखिरी गेंद पर स्‍कूप शॉट के जरिये छक्‍का जमाकर ऑस्‍ट्रेलिया को फाइनल में पहुंचा दिया। ऑस्‍ट्रेलिया ने 5 विकेट से जीता मैच। 

NOV 11, 2021 23:03 IST

रोमांचक मोड़ पर मुकाबला

स्‍टोइनिस ने हसन अली के ओवर की पहली गेंद पर एक रन लिया। अगली गेंद पर वेड ने मिडविकेट की दिशा में शॉट खेलकर दो रन लिए। हसन अली ने तीसरी गेंद धीमी गति से डाली, जिस पर वेड ने 82 मीटर लंबा छक्‍का जमाया। आखिरी गेंद पर वेड ने लेग साइड में चौका जमा दिया। 18 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 155/5। मैथ्‍यू वेड 21* और मार्कस स्‍टोइनिस 40* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:58 IST

स्‍टोइनिस पर बड़ी जिम्‍मेदारी

मार्कस स्‍टोइनिस ने हैरिस राउफ के ओवर की दूसरी गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से लंबा छक्‍का जमाया। अगली ही गेंद राउफ ने फुल लेंथ की डाली, जिस पर स्‍टोइनिस ने सीधा मैदान से सटा शॉट जमाकर बाउंड्री जमाई। इस ओवर में 13 रन बने। 17 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 140/5। मार्कस स्‍टोइनिस 38* और मैथ्‍यू वेड 8* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:51 IST

हसन अली के ओवर में बने 12 रन

हसन अली के ओवर की पहली गेंद पर मार्कस स्‍टोइनिस ने चौका जमाया। फिर सिंगल-डबल से ओवर में कुल 12 रन बने। 16 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 127/5। मैथ्‍यू वेड 8* और मार्कस स्‍टोइनिस 25* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:46 IST

शाहीन के ओवर में बने 6 रन

शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पारी के 15वें ओवर में केवल 6 रन खर्च किए। 15 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 115/5। मैथ्‍यू वेड 7* और मार्कस स्‍टोइनिस 19* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:40 IST

ऑस्‍ट्रेलिया दबाव में

ऑस्‍ट्रेलियाई टीम इस समय दबाव में है। मैथ्‍यू वेड ने हैरिस राउफ के ओवर की चौथी गेंद पर जरूर बाउंड्री जमाई। मगर ओवर से केवल 6 रन ही आए। 14 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 109/5। मार्कस स्‍टोइनिस 11* और मैथ्‍यू वेड 5* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:35 IST

शादाब खान का ड्रीम स्‍पेल

शादाब खान ने अपने स्‍पेल के आखिरी ओवर में ग्‍लेन मैक्‍सवेल को डगआउट भेजा। ओवर की दूसरी गेंद पर मैक्‍सवेल ने रिवर्स स्‍वीप शॉट के जरिये हवाई फायर किया और डीप प्‍वाइंट पर हैरिस राउफ ने दाएं ओर डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा। मैक्‍सवेल ने 10 गेंदों में 7 रन बनाए। तीसरी गेंद पर मार्कस स्‍टोइनिस ने मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्‍का जमाया। शादाब खान ने 4 ओवर में 26 रन देकर चार विकेट झटके। 13 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 103/5। मार्कस स्‍टोइनिस 11* और मैथ्‍यू वेड 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:30 IST

इमाद वसीम का कड़क ओवर

इमाद वसीम ने भी कड़क ओवर किया। ऑस्‍ट्रेलिया इस समय पूरी तरह दबाव में नजर आ रहा है। इस ओवर में केवल 3 रन बने। 12 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 95/4। ग्‍लेन मैक्‍सवेल 7* और मार्कस स्‍टोइनिस 3* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:27 IST

शादाब खान ने वॉर्नर को बनाया अपना तीसरा शिकार

शादाब खान ने 11वें ओवर में ऑस्‍ट्रेलिया को तगड़ा झटका दिया। उन्‍होंने पहली ही गेंद पर वॉर्नर को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया। वॉर्नर ने डीआरएस नहीं लिया। डेविड वॉर्नर ने 30 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्‍के की मदद से 49 रन बनाए। इस ओवर में केवल 3 रन बने। 11 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 92/4। मार्कस स्‍टोइनिस 2* और ग्‍लेन मैक्‍सवेल 5* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:18 IST

अली के ओवर में बने 9 रन

हसन अली की पहली ही गेंद पर डेविड वॉर्नर ने फाइन लेग की दिशा में बाउंड्री लगाई। इसके बाद मैक्‍सवेल और वॉर्नर ने ओवर से कुल 9 रन बटोरे। 10 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 89/3। डेविड वॉर्नर 49* और ग्‍लेन मैक्‍सवेल 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:13 IST

शादाब ने किया स्मिथ का शिकार

वॉर्नर ने शादाब खान के ओवर की पहली गेंद पर 90 मीटर की दूरी का छक्‍का जमाया। वॉर्नर ने आगे बढ़कर लांग ऑन के ऊपर से शानदार छक्‍का जमाया। तीसरी गेंद पर स्‍टीव स्मिथ खराब शॉट खेलकर आउट हुए। शादाब खान ने फ्लाइट बॉल डाली, जिस पर स्मिथ बड़ा शॉट खेलने गए, टाइमिंग काफी खराब। डीप मिडविकेट पर फखर जमान ने आसान कैच लपका। स्मिथ ने 6 गेंदों में एक चौके की मदद से 5 रन बनाए। इस ओवर में 10 रन बने। 9 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 80/3। डेविड वॉर्नर 43* और ग्‍लेन मैक्‍सवेल 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:08 IST

हफीज की अजब गेंद पर वॉर्नर का छक्‍का

मोहम्‍मद हफीज की पहली गेंद दो टप्‍पे में आई, जिस पर डेविड वॉर्नर ने दमदार छक्‍का जड़ा। अंपायर ने इसे नो बॉल करार दिया। इस ओवर में 12 रन बने। 8 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 70/2। स्‍टीव स्मिथ 5* और डेविड वॉर्नर 34* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 22:03 IST

शादाब ने किया मार्श का शिकार

शादाब खान ने अपने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर मिचेल मार्श को आसिफ अली के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्‍ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। शादाब ने गूगली गेंद डाली, जिस पर मार्श ने हवाई फायर किया। आसिफ अली ने डीप स्‍क्‍वायर लेग पर अच्‍छा कैच पकड़ा। मिचेल मार्श ने 22 गेंदों में 3 चौके और एक छक्‍के की मदद से 28 रन बनाए। इस ओवर में 5 रन बने। 7 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 57/2। स्‍टीव स्मिथ 4* और डेविड वॉर्नर 24* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:57 IST

पावरप्‍ले में ऑस्‍ट्रेलिया का रहा दबदबा

हसन अली ने ओवर की दूसरी गेंद शॉर्ट डाली, जिस पर मार्श ने पुल शॉट जमाकर बाउंड्री हासिल की। इस ओवर में 8 रन बने। इसी के साथ पावरप्‍ले हुआ समाप्‍त। 6 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 52/1। डेविड वॉर्नर 23* और मिचेल मार्श 28* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:52 IST

ऑस्‍ट्रेलिया के लिए एक और बड़ा ओवर

मार्श ने हैरिस राउफ का छक्‍का जमाकर स्‍वागत किया। राउफ ने शॉर्ट लेंथ की गेंद डाली, जिस पर मार्श ने सीधे बल्‍ले से डीप स्‍क्‍वायर लेग की दिशा में फ्लैट छक्‍का जमाया। यह 73 मीटर की दूरी का छक्‍का रहा। अगली ही गेंद पर मार्श को चार रन मिले। राउफ की गेंद पर मार्श ने थर्डमैन की दिशा में लेट कट खेला और इमाद वसीम डाइव लगाने के बाद भी गेंद को रोक नहीं सके। शानदार बाउंड्री आई। अगली चार गेंदों में चार सिंगल आए। इस ओवर में 14 रन बने। 5 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 44/1। डेविड वॉर्नर 21* और मिचेल मार्श 22* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:47 IST

वॉर्नर ने जड़ा जबर्दस्‍त छक्‍का

डेविड वॉर्नर ने इमाद वसीम के ओवर की दूसरी गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्‍का जमाया। अगली गेंद पर वॉर्नर ने रूम बनाया और कवर्स की दिशा में शानदार बाउंड्री जमाई। चौथी गेंद पर वॉर्नर ने पैडल स्‍वीप शॉट जमाकर फाइन लेग के ऊपर से गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। इस ओवर में 17 रन बने। 4 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 30/1। डेविड वॉर्नर 19* और मिचेल मार्श 10* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:43 IST

मार्श ने जमाई पहली बाउंड्री

मिचेल मार्श ने शाहीन अफरीदी की गेंद पर कवर ड्राइव के सहारे शानदार चौका जमाया। बेहतरीन शॉट। बाकी ओवर में अफरीदी ने कई अच्‍छी गेंदें डाली। इस ओवर में 7 रन बने। 3 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 13/1। मिचेल मार्श 8* और डेविड वॉर्नर 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:37 IST

इमाद वसीम का किफायती ओवर

इमाद वसीम ने पाकिस्‍तान के लिए पारी का दूसरा ओवर किया। इस ओवर में 5 रन आए। 2 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 6/1। डेविड वॉर्नर 3* और मिचेल मार्श 3* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:33 IST

ऑस्‍ट्रेलिया की खराब शुरूआत, फिंच बिना खाता खोले आउट

177 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की शुरूआत शाहीन शाह अफरीदी ने बिगाड़ दी है। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर अफरीदी ने आरोन फिंच को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया। फिंच खाता नहीं खोल सके। इस ओवर में केवल 1 रन बना। 1 ओवर के बाद ऑस्‍ट्रेलिया का स्‍कोर 1/1। डेविड वॉर्नर 1* और मिचेल मार्श 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:16 IST

जमान का धुआंधार अर्धशतक

मिचेल स्‍टार्क ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का 20वां ओवर किया। पहली गेंद पर जमान ने एक रन लिया। दूसरी गेंद पर शोएब मलिक क्‍लीन बोल्‍ड हुए। शोएब मलिक ने 2 गेंदों में एक रन बनाया। स्‍टार्क ने लेंथ गेंद डाली, जिस पर मलिक मिडविकेट की दिशा में शॉट खेलने गए, लेकिन गति से चूक गए। चौथी गेंद पर फखर जमान ने जबर्दस्‍त छक्‍का जमाया। लांग ऑन के ऊपर से जमान ने गेंद को स्‍टैंड्स में भेजा। ओ हो, गजब। अगली गेंद पर जमान ने एक और छक्‍का जमाया और अपना अर्धशतक भी पूरा किया। जमान ने 31 गेंदों में तीन चौके और चार छक्‍के की मदद से पचासा अर्धशतक जमाया। 20 ओवर के बाद पाकिस्‍तान ने बनाए 176/4। इस ओवर में 15 रन बने। फखर जमान 55* और मोहम्‍मद हफीज 1* रन बनाकर नाबाद रहे।

NOV 11, 2021 21:08 IST

कमिंस का बेहतरीन ओवर

पैट कमिंस ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर आसिफ अली को स्‍टीव स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। अली खाता भी नहीं खोल सके। लांग ऑन पर स्मिथ ने आसान कैच लपका। कमिंस की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम। इस ओवर में केवल 3 रन खर्च किए। 19 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 161/3। फखर जमान 41* और शोएब मलिक 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 21:02 IST

मिचेल स्‍टार्क ने रिजवान की पारी का अंत किया

मिचेल स्‍टार्क ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्‍मद रिजवान का शिकार करके पाकिस्‍तान को दूसरा झटका दिया। स्‍टार्क ने मिड ऑफ पर रिजवान को स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। मोहम्‍मद रिजवान ने 52 गेंदों में तीन चौके और चार छक्‍के की मदद से 67 रन बनाए। अगली ही गेंद पर फखर जमान ने लांग ऑन के ऊपर से शानदार छक्‍का जमाया। ओवर की पांचवीं गेंद पर फखर जमान ने गेंदबाज के सामने से बेहतरीन कड़क चौका लगाया। अंपायर के सिर के पास से गुजरी गेंद, बाल-बाल बचे। इस ओवर में 15 रन बने। 18 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 158/2। फखर जमान 40* और आसिफ अली 0* रन बनाकर खेल रहे हैं। 

NOV 11, 2021 20:57 IST

जोश हेजलवुड का महंगा ओवर

जोश हेजलवुड का आज दिन अच्‍छा नहीं है। दूसरी गेंद पर फखर जमान ने लांग ऑफ के ऊपर से छक्‍का जमाया। फिर पांचवीं गेंद नो रही, जिस पर रिजवान ने मिडविकेट की दिशा में चौका जड़ा। फ्री हिट का रिजवान ने भरपूर फायदा उठाया और मिडविकेट के ऊपर से छक्‍का जमाया। इस ओवर में 21 रन बने। 17 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 143/1। मोहम्‍मद रिजवान 67* और फखर जमान 26* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:48 IST

जंपा की शानदार गेंदबाजी

एडम जंपा ने पाकिस्‍तानी बल्‍लेबाजों को खुलकर शॉट नहीं खेलने दिए। ऐसे समय में शानदार ओवर डाला। केवल 5 रन खर्च किए। 16 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 122/1। मोहम्‍मद रिजवान 56* और फखर जमान 17* रन बनाकर खेल रहे हैं। एडम जंपा ने 4 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया।

NOV 11, 2021 20:44 IST

पाकिस्‍तानी बल्‍लेबाजों का दबदबा

फखर जमान ने ओवर की दूसरी गेंद पर थर्डमैन की दिशा में चौका जमाया। यह नो बॉल थी क्‍योंकि कमिंस ने फुलटॉस गेंद डाली थी। जमान इसके बाद नो बॉल का फायदा नहीं उठा सके और फ्री हिट पर केवल एक रन मिला। इस ओवर में 11 रन बने। 15 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 117/1। मोहम्‍मद रिजवान 54* और फखर जमान 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:38 IST

मोहम्‍मद रिजवान का अर्धशतक

जोश हेजलवुड ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का 14वां ओवर किया। दूसरी गेंद पर फखर जमान ने मिडविकेट की दिशा में दमदार बाउंड्री जमाई। फिर पांचवीं गेंद पर मोहम्‍मद रिजवान ने मिडविकेट के ऊपर से 76 मीटर की दूरी का लंबा छक्‍का जमाया। मोहम्‍मद रिजवान ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्‍होंने 41 गेंदों में दो चौके और तीन छक्‍के की मदद से पचासा पूरा किया। इस ओवर में 14 रन बने। 14 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 106/1। फखर जमान 8* और मोहम्‍मद रिजवान 50* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:33 IST

रिजवान के हेलमेट पर लगी गेंद

मिचेल स्‍टार्क ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का 13वां ओवर करने आए। उन्‍होंने फखर जमान को पहली गेंद यॉर्कर डाली। दूसरी गेंद पर जमान ने एक रन लिया। तीसरी गेंद डॉट रही। चौथी गेंद रिजवान के हेलमेट पर जाकर लगी। रिजवान का कनकशन टेस्‍ट हुआ और वह ठीक हैं। इस ओवर में तीन रन बने। 13 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 92/1। फखर जमान 3* और मोहम्‍मद रिजवान 42* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:26 IST

रिजवान का शानदार खेल

एडम जंपा ने पिछले ओवर में बाबर आजम का विकेट लिया, लेकिन रिजवान पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उन्‍होंने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्‍लॉग स्‍वीप के जरिये स्‍क्‍वायर लेग की दिशा में शानदार छक्‍का जमाया। चौथी गेंद पर वेड गेंद को पकड़ नहीं सके और बाय के चार रन मिले। इस ओवर में 14 रन बने। 12 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 89/1। मोहम्‍मद रिजवान 40* और फखर जमान 2* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:24 IST

ग्‍लेन मैक्‍सवेल का कड़क ओवर

ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने कड़क ओवर किया। केवल 4 रन खर्च किए। 11 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 75/1। मोहम्‍मद रिजवान 31* और फखर जमान 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:16 IST

एडम जंपा ने किया बाबर आजम का शिकार

एडम जंपा ने पारी के 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर ऑस्‍ट्रेलिया को बहुत बड़ी सफलता दिलाई। इस ओवर में जंपा ने केवल 3 रन खर्च किए और एक महत्‍वपूर्ण विकेट लिया। जंपा ने ओवर की आखिरी गेंद पर बाबर आजम को लांग ऑन पर डेविड वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराया। बाबर आजम ने 34 गेंदों में पांच चौके की मदद से 39 रन बनाए। 10 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 71/1। मोहम्‍मद रिजवान 28* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:12 IST

मैक्‍सवेल के ओवर में बने 6 रन

ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का 9वां ओवर किया। बाबर आजम और मोहम्‍मद रिजवान ने ओवर में कुल 6 सिंगल लिए। 9 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 68/0। बाबर आजम 38* और मोहम्‍मद रिजवान 27* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:08 IST

मार्श की हुई धुनाई

बाबर आजम ने मिचेल मार्श के ओवर की दूसरी गेंद पर मिडविकेट की दिशा में चौका जमाया। इसी के साथ उन्‍होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 2500 रन पूरे किए। इस ओवर में 11 रन बने। 8 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 62/0। मोहम्‍मद रिजवान 24* और बाबर आजम 35* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:03 IST

पाक ओपनर्स की अर्धशतकीय साझेदारी

एडम जंपा ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का सातवां ओवर किया। इस ओवर में केवल 4 रन बने। पाकिस्‍तानी ओपनर्स बाबर आजम और मोहम्‍मद रिजवान के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। 7 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 51/0। बाबर आजम 26* और मोहम्‍मद रिजवान 23* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 20:00 IST

रिजवान ने जमाई बाउंड्री

पैट कमिंस की गेंदों का पाकिस्‍तानी ओपनर्स ने अच्‍छे से सामना किया। बाबर आजम ने दूसरी गेंद पर कवर्स की दिशा में शॉट खेलकर 3 रन लिए। अगली ही गेंद पर रिजवान ने फाइन लेग की दिशा में चौका जमा दिया। ग्‍लेन मैक्‍सवेल गेंद तक पहुंचे, लेकिन डाइव लगाकर उसे रोकने में नाकाम रहे। इस ओवर में 9 रन बने। 6 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का 47/0। बाबर आजम 24* और मोहम्‍मद रिजवान 21* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 19:54 IST

पाकिस्‍तान की दमदार शुरूआत

मोहम्‍मद रिजवान ने जोश हेजलवुड की पहली ही गेंद पर लेग साइड में 72 मीटर की दूरी का छक्‍का जमाया। फिर हेजलवुड ने गजब की वापसी की और बाकी पांच गेंदों में केवल तीन सिंगल दिए। इस ओवर में 9 रन बने। 5 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 38/0। बाबर आजम 21* और मोहम्‍मद रिजवान 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 19:49 IST

कमिंस के ओवर में 8 रन बने

बाबर आजम ने पैट कमिंस के ओवर की दूसरी गेंद पर फ्लिक खेलकर स्‍क्‍वायर लेग में गेंद को बाउंड्री लाइन के पार भेजा। इस ओवर में 8 रन बने। 4 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 29/0। बाबर आजम 20* और मोहम्‍मद रिजवान 6* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 19:44 IST

वॉर्नर ने छोड़ा रिजवान का कैच

ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का तीसरा ओवर किया। तीसरी गेंद पर रिजवान ने आगे बढ़कर हवाई फायर किया। गेंद काफी ऊंची गई, लेकिन वॉर्नर मिड ऑन से दौड़कर गए पर कैच नहीं पकड़ सके। यह गेंद उनके हाथ से लगने के बाद बाउंड्री लाइन के पार गई। आखिरी गेंद पर बाबर आजम ने पैडल स्‍वीप खेलकर गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। 3 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 21/0। बाबर आजम 15* और मोहम्‍मद रिजवान 5* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 19:40 IST

बाबर आजम की खूबसूरत बाउंड्री

जोश हेजलवुड ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का दूसरा ओवर डाला। दूसरी गेंद पर बाबर आजम ने खूबसूरत कवर ड्राइव जमाई। ओ हो देखकर मजा आ गया। लाजवाब शॉट। हेजलवुड ने बाकी अपनी लेंथ अच्‍छी रखी और पूरे ओवर में केवल 5 रन खर्च किए। 2 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 11/0। बाबर आजम 10* और मोहम्‍मद रिजवान 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 19:38 IST

बाबर आजम ने जमाई मैच की पहली बाउंड्री

मिचेल स्‍टार्क ने ऑस्‍ट्रेलिया के लिए पारी का पहला ओवर डाला। चौथी गेंद पर बाबर आजम ने फ्लिक के जरिये गेंद को फाइन लेग की दिशा में सीमा रेखा के पार भेजा। इसी के साथ पाकिस्‍तान की बाउंड्री का खाता खुला। इस ओवर में 6 रन बने। 1 ओवर के बाद पाकिस्‍तान का स्‍कोर 6/0। बाबर आजम 5* और मोहम्‍मद रिजवान 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।

NOV 11, 2021 19:10 IST

दोनों टीमों की प्‍लेइंग 11

ऑस्‍ट्रेलिया - डेविड वॉर्नर, आरोन फिंच (कप्‍तान), मिचेल मार्श, स्‍टीव स्मिथ, ग्‍लेन मैक्‍सवेल, मार्कस स्‍टोइनिस, मैथ्‍यू वेड, पैट कमिंस, मिचेल स्‍टार्क, एडम जंपा और जोश हेजलवुड।

पाकिस्‍तान - बाबर आजम (कप्‍तान), मोहम्‍मद रिजवान, फखर जमान, मोहम्‍मद हफीज, शोएब मलिक, आसिफ अली, इमाद वसीम, शादाब खान, हसन अली, शाहीन अफरीदी और हैरिस राउफ।

NOV 11, 2021 19:10 IST

टॉस का बॉस बना ऑस्‍ट्रेलिया

ऑस्‍ट्रेलिया के कप्‍तान आरोन फिंच ने गुरुवार को पाकिस्‍तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऑस्‍ट्रेलिया और पाकिस्‍तान दोनों ने अपनी प्‍लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

NOV 11, 2021 18:55 IST

शाहिद अफरीदी ने पाकिस्‍तान टीम को दी शुभकामनाएं

NOV 11, 2021 18:48 IST

स्‍टेडियम के लिए जाते हुए पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम

NOV 11, 2021 18:42 IST

यह मैच तो कोई शायद ही भूले

NOV 11, 2021 18:31 IST

पाकिस्‍तान का 100 प्रतिशत रिकॉर्ड

NOV 11, 2021 18:25 IST

वाकई आज आतिशबाजी की उम्‍मीद

NOV 11, 2021 18:12 IST

दोनों टीमों की संभावित प्‍लेइंग 11

आज पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल मुकाबले में टक्कर होगी। जानिए, दोनों टीम किन खिलाड़ियों को मौका दे सकती हैं।

सेमीफाइनल में इस प्‍लेइंग-11 को आजमा सकते हैं पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया

NOV 11, 2021 18:09 IST

दुबई की पिच और मौसम

आज टी20 विश्व कप 2021 के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम टकराएंगी। जानें, मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल।

जानें, पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल की पिच-मौसम

NOV 11, 2021 18:05 IST

इन 5 खिलाड़‍ियों पर रहेंगी नजरें

आज टी20 विश्व कप 2021 के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत होगी। जानिए, दोनों टीमों के किन 5 खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी।


 

पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया के इन 5 खिलाड़ियों पर रहेगी नजर, आज सेमीफाइनल में चल गए तो पलट देंगे बाजी

NOV 11, 2021 18:04 IST

पाकिस्‍तान-ऑस्‍ट्रेलिया मैच का प्रीव्‍यू

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

सेमीफाइनल में पाकिस्तान के सामने धाकड़ ऑस्ट्रेलिया की चुनौती, जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें

NOV 11, 2021 18:03 IST

अफरीदी का वायरल वीडियो

शाहीन अफरीदी ने लाइव मैच में विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल की नकल उतारी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शाहीन अफरीदी ने लाइव मैच में विराट, रोहित और राहुल की उतारी नकल, ये वीडियो हो रहा वायरल