कैसे युवराज सिंह की एक सलाह शुभमन गिल के आई काम, शतक का सूखा कर दिया खत्‍म

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 24, 2022, 06:30 AM IST

Yuvraj Singh advice to Shubman Gill: टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह की अहम सलाह युवा बल्‍लेबाज शुभमन गिल के बहुत काम आई। शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का पहला शतक जमाने के बाद इसका खुलासा किया।

कैसे युवराज सिंह की एक सलाह शुभमन गिल के आई काम, शतक का सूखा कर दिया खत्‍म

हरारे: भारत के युवा बल्‍लेबाज शुभमन गिल ने बताया कि पूर्व दिग्‍गज ऑलराउंडर युवराज सिंह की एक सलाह से उन्‍हें बहुत फायदा हुआ। गिल ने कहा कि युवराज सिंह ने उन्हें कहा था कि क्रीज पर जमने के बाद अंत तक बल्लेबाजी करने का प्रयास करो। युवराज सिंह की सलाह का ही असर था कि गिल सोमवार को जिंबाब्‍वे के खिलाफ शतक जमाने में सफल रहे। गिल ने सोमवार को 97 गेंद में 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 130 रन की पारी खेली, जिससे भारत ने जिंबाब्वे को 13 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया।

शुभमन गिल की इस शानदार पारी की युवराज सहित कई पूर्व खिलाड़ियों ने सराहना की। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा डाले गए वीडियो में गिल ने कहा, 'जिंबाब्वे आने से पहले मैं उनसे (युवराज) मिला था और उन्होंने मुझे कहा कि तुम अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हो। वहां जाओ और अगर क्रीज पर जम जाओ तो पूरे ओवर खेलने का प्रयास करो। मैंने उन्हें कहा कि शतक नहीं आ रहा और उन्होंने कहा कि चिंता मत करो, यह बनेगा।'

विकेट अच्‍छा था

वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में नाबाद 98 रन बनाने के बाद बारिश के कारण शतक से महरूम रहे गिल युवराज और विराट कोहली के बाद विदेशी सरजमीं पर शतक जड़ने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज हैं। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए गिल ने बातचीत के दौरान इशान किशन से कहा, 'यह बल्लेबाजी के लिए एक अच्छा विकेट था। मुझे आपका साथ मिला और भाग्य मेरे पक्ष में था। मेरे लिए यह महत्वपूर्ण था कि मैं इस अवसर का अधिक से अधिक फायदा उठाऊं और मुझे खुशी है कि मैंने ऐसा किया।'

इस तरह पकड़ा कैच

जिंबाब्वे के बल्लेबाज सिकंदर रजा ने भी 95 गेंद में 115 रन की पारी खेली और अपनी टीम को जीत की ओर ले गए लेकिन इसके बाद गिल ने लांग आन में उनका शानदार कैच लपका जिसके बाद भारत 13 रन से जीत दर्ज करने में सफल रहा। गिल ने कहा, 'मुकाबला काफी कड़ा था। हमें उम्मीद नहीं थी कि मुकाबला इतना करीबी रहेगा लेकिन यही क्रिकेट है। जब गेंद हवा में थी तो पहले मैं सोच रहा था कि गेंद आसानी से मेरे पास आएगी। लेकिन गेंद नीचे गिर रही थी और मैंने सिर्फ इसे पकड़ने के लिए गोता लगाया।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!