बांग्लादेशी क्रिकेटर ने डोपिंग के आरोप तुरंत स्वीकार किए, लगा प्रतिबंध

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 27, 2020, 04:08 PM IST

Kazi Anik Islam banned: बांग्लादेश क्रिकेट के युवा खिलाड़ी और भविष्य के सितारे काजी अनिक इस्लाम पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है।

बांग्लादेशी क्रिकेटर ने डोपिंग के आरोप तुरंत स्वीकार किए, लगा प्रतिबंध
Photo Credit: Twitter

ढाका: क्रिकेट में एक बार फिर डोपिंग का डंक लगा है। इस बार बांग्लादेश क्रिकेट से जुड़ी खबर है। बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज काजी अनिक इस्लाम को 2018 में डोप परीक्षण में विफल होने के कारण राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड ने दो साल के लिए प्रतिबंधित किया है। काजी ने 2018 अंडर-19 विश्व कप में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिये थे।

अनिक इस्लाम को 2018 में ही नेशनल क्रिकेट लीग के दौरान प्रतिबंधित पदार्थ मेथमफेटामाइन के लिए पॉजिटिव पाया गया था। 21 साल के इस खिलाड़ी ने जुर्म कबूल कर लिया। उसका दो साल का प्रतिबंध आठ फरवरी 2019 से शुरु हुआ है। यानी वो फरवरी 2021 तक प्रतिबंधित रहेंगे।

उन्होंने तुरंत आरोप स्वीकार किया

बंग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से जारी बयान में कहा गया , ‘अनिक के मामले में, बीसीबी ने उनके दोष पर विचार करते समय युवा और अनुभवहीनता को ध्यान में रखा था। तथ्य यह है कि उन्होंने अपने खेल में प्रदर्शन के स्तर को बढ़ाने के लिए ऐसा नहीं किया। यह उनकी डोपिंग रोधी की सीमित जनकारी के कारण हुआ। जब उन्हें इस बारे में सूचित किया गया तो उन्होंने आरोप स्वीकार कर लिया।’

अंडर-19 से आ चुके हैं कई खिलाड़ी

काजी ने अंडर-19 विश्व कप में खेलने के अलावा प्रथम श्रेणी के चार मैचों में 15 विकेट लिये हैं। अंडर-19 क्रिकेट से बांग्लादेश में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम तक पहुंचे हैं और अनिक की उम्मीदें भी नजर आ रही थीं लेकिन अब फिलहाल ऐसा मुमकिन होता नहीं दिख रहा है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!