पंजाब चुनाव नजदीक हैं, क्या अब राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं? जानिए हरभजन सिंह ने क्या कहा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 24, 2021, 09:09 PM IST

Harbhajan Singh future plans: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर्स में से एक हरभजन सिंह ने शुक्रवार को क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। करियर में आगे वो क्या करेंगे? क्या राजनीति में कदम रखेंगे? भज्जी ने खुद इसका जवाब दिया है।

पंजाब चुनाव नजदीक हैं, क्या अब राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं? जानिए हरभजन सिंह ने क्या कहा

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने शुक्रवार को कहा कि वह राजनीति में आने के खिलाफ नहीं हैं लेकिन इस तरह के कदम पर अंतिम फैसला करने से पहले वह काफी सोच विचार करना चाहेंगे। हाल में कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख और हरभजन के पूर्व भारतीय साथी नवजोत सिंह सिद्धू ने उनके साथ एक फोटो ट्विटर पर डाली थी और इसका शीर्षक दिया था, ‘‘संभावनाओं से भरी तस्वीर’’। इससे उनके राजनीति में उतरने की अटकलें लगायी जा रही हैं।

इस क्रिकेटर ने कहा कि उन्होंने इस मामले पर अभी फैसला नहीं लिया है। हरभजन ने पीटीआई को दिये साक्षात्कार में उनके भविष्य के बारे में पूछे गये सवाल में कहा, ‘‘साफ बताऊं तो मैं नहीं जानता कि आगे क्या होगा। मैं किस दिशा में आगे बढ़ना चाहता हूं, यह जानने के लिये दो तीन दिन चाहिए। हां, मैं समाज को वापस करना चाहता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं राजनीति से जुड़ता हूं तो कैसे या किस तरह से, मुझे इन चीजों पर भी गौर करने की जरूरत होगी क्योंकि मेरा मुख्य लक्ष्य लोगों की मदद करना है, अगर मैं राजनीति में उतरने का फैसला करता हूं तो।’’

उन्होंने खुलकर नहीं कहा, लेकिन उनके जानकारों का कहना है कि इसकी संभावना बहुत कम है कि वह पंजाब विधानसभा के चुनाव लड़ेंगे क्योंकि उनकी कुछ क्रिकेट और मीडिया प्रतिबद्धताएं हैं जो उन्हें व्यस्त रखेंगी।

हरभजन ने कहा, ‘‘जहां तक क्रिकेट का संबंध हैं तो मैं खेल से जुड़ा रहूंगा। मैं आईपीएल की टीमों को कोचिंग दे सकता हूं, उनका मेंटोर बन सकता हूं या फिर थोड़ा वेटरन क्रिकेट खेल सकता हूं।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!