New Zealand Cricket Awards: इन दोनों को चुना गया न्यूजीलैंड 'टी20 क्रिकेटर ऑफ द इयर' का विजेता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 12, 2022, 07:25 PM IST

New Zealand cricket awards: न्यूजीलैंड क्रिकेट अवॉर्ड्स में इस बार साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का पुरस्कार ट्रेंट बोल्ट और सोफी डिवाइन को दिया गया है।

New Zealand Cricket Awards: इन दोनों को चुना गया न्यूजीलैंड 'टी20 क्रिकेटर ऑफ द इयर' का विजेता

न्यूजीलैंड की पुरुष राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ ट्रेंट बोल्ट और महिला राष्ट्रीय टीम की कप्तान सोफी डिवाइन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट पुरस्कारों में खेल के सबसे छोटे प्रारूप में शानदार प्रदर्शन के लिए साल के सर्वश्रेष्ठ टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का पुरस्कार जीता। ये पुरस्कार तीन दिन तक आनलाइन समारोह में दिए जाएंगे।

पिछले साल यूएई में टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिए बोल्ट को यह पुरस्कार दिया गया। न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी। बोल्ट ने अपनी टीम के फाइनल तक के सफर में अहम भूमिका निभाते हुए टूर्नामेंट में 13 विकेट चटकाए थे। बोल्ट ने इन पुरस्कारों की दौड़ में साथी तेज गेंदबाज टिम साउथी, डेवोन कॉनवे और ईश सोढ़ी को पछाड़ा।

अभी इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रहे बोल्ट ने कहा, ‘‘यह काफी मायने रखता है। टी20 ऐसा प्रारूप है जिसका मैं काफी लुत्फ उठाता हूं और बेहतर गेंदबाज बनने के लिए लगातार अपने खेल से सामंजस्य बैठाने का प्रयास करता हूं। यह पुरस्कार जीतना विशेष है।’’ दूसरी तरफ सोफी ने लगातार दूसरे साल सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।

उन्होंने चार मैच में 29.50 की औसत से 118 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 113.46 रहा। उनका शीर्ष स्कोर होव में इंग्लैंड के खिलाफ 50 रन रहा। सर्वश्रेष्ठ प्रशंसक लम्हा क्राइस्टचर्च टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम टेस्ट के साथ संन्यास ले रहे रोस टेलर के अंतिम विकेट को चुना गया।

मेली केर और माइकल ब्रेसवेल को वेलिंगटन की ओर से शानदार प्रदर्शन के लिए अपने अपने वर्ग में ‘सुपर स्मैश प्लेयर आफ द ईयर’ चुना गया। बुधवार को पुरस्कारों के दूसरे दिन प्रथम श्रेणी और घरेलू बल्लेबाजी और गेंदबाजी कप के अलावा साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चुने जाएंगे। साल के सर्वश्रेष्ठ अंपायर का पुरस्कार भी दिया जाएगा।

गुरुवार को पुरस्कारों के अंतिम दिन महिला और पुरुष वर्ग में साल के सर्वश्रेष्ठ घरेलू खिलाड़ी, साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी, क्रिकेट के प्रति अभूतपूर्व सेवा के लिए बर्ट सुटक्लिफ पदक और शीर्ष खेल पुरस्कार सर रिचर्ड हेडली पदक दिया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!