सुरेश रैना की नजर में कौन है टीम इंडिया का 'अगला एमएस धोनी'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 29, 2020, 12:18 PM IST

Suresh Raina names New MS Dhoni of Team India: टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रहे सुरेश रैना ने भारतीय क्रिकेट टीम के अगले एमएस धोनी के नाम का खुसाला किया है।

सुरेश रैना की नजर में कौन है टीम इंडिया का 'अगला एमएस धोनी'
Photo Credit: Twitter

नई दिल्ली: भारत के धाकड़ बल्लेबाज सुरेश रैना को लगता है कि सीमित ओवरों की टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट के अगले एमएस धोनी होंगे। हालांकि उनका मानना है कि हर खिलाड़ी कप्तान होता है। सुरेश रैना एमएस धोनी के कप्तानी के दिनों में टीम इंडिया के अहम सदस्य थे। इसके अलावा वो आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धोनी की कप्तानी में भी लंबे समय तक खेले।

रैना विराट कोहली की कप्तानी में भी टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं। उन्हें साल 2018 में रोहित शर्मा की कप्तानी में श्रीलंका में आयोजित निदहास ट्रॉफी में खेलने का मौका मिला था। उन्होंने रोहित शर्मा को ऐसा कप्तान बताया है जो युवा खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं और टीम के सभी सदस्यों की बात सुनते हैं। 

रैना ने कहा, मैं कहना चाहूंगा कि वो भारतीय क्रिकेट टीम के अगले एमएस धोनी हैं। मैंने उन्हें देखा है वो शांत हैं और सुनना पसंद करते है। उन्हें खिलाड़ियों का समर्थन करना पसंद है और सबसे अहम वो सामने से टीम का नेतृत्व करते हैं। जब कोई कप्तान सामने से नेतृत्व करता है उसी समय वो ड्रेसिंग रूम के वातावरण का भी ध्यान रखता है।'

रैना ने कहा, वो सोचते हैं कि हर कोई कप्तान है। मैंने उन्हें देखा है। मैं उनके नेतृत्व में एशियाकप में खेल चुका हूं। मैंने देखा है कि वो शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ियों को किस तरह आत्मविश्वास देते हैं। मुझे लगता है कि जब आप किसी खिलाड़ी के आभामंडल का आनंद लेते हैं, तो आप सकारात्मक रहना पसंद करते हैं और मुझे लगता है कि इस मामले में वो अच्छे हैं।'

सुरेश रैना ने यह भी कहा कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा दोनों के अंदर ये सब खूबियां हैं इसलिए दोनों उनकी क्रिकेट की किताब में शानदार कप्तान हैं। 

रोहित शर्मा एमएस धोनी को पछाड़कर आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियन्स ने चार बार खिताबी जीत हासिल की है। साल 2019 में मुंबई ने चेन्नई को रोमांचक फाइनल में मात देकर खिताब अपने नाम किया था। रैना ने कहा, 'वो( रोहित) धोनी के बाद सर्वश्रेष्ठ हैं। वो एमएस धोनी से ज्यादा आईपीएल खिताब जीत चुके हैं। मेरी नजर में दोनों बतौर कप्तान तकरीबन एक जैसे हैं जिन्हें सुनना पसंद है। जब कप्तान आपकी बात सुनता है तो आप कई समस्याओं का समाधान ढूंढ सकते हैं। आप खिलाड़ियों की मानसिक परेशानियों का भी हल निकाल सकते हैं। इसलिए मेरी नजर में गोनों शानदार कप्तान हैं।' 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!