कोरोना वायरस के कारण रद्द हुआ पाकिस्तान क्रिकेट टीम का आयरलैंड दौरा 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 15, 2020, 07:07 AM IST

कोरोना वायरस के कहर के कारण पाकिस्तान क्रिकेट टीम( Pakistan Cricket Team) का एक और विदेश दौरा रद्द हो गया है। इस दौरे को रद्द करने का फैसला दोनों बोर्डों के बीच आपसी सहमति से लिया गया।

कोरोना वायरस के कारण रद्द हुआ पाकिस्तान क्रिकेट टीम का आयरलैंड दौरा 

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और क्रिकेट आयरलैंड (सीआई) ने गुरुवार को जुलाई में होने वाली दो मैचों की टी-20 सीरीज स्थगित करने का फैसला किया है। आयरलैंड सरकार ने कहा था कि 10 अगस्त के बाद ही वह बिना दर्शकों के खाली स्टेडियमों में मैच आयोजित करा सकेगी और यह तारीख पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे से टकरा रही है। पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच दो टी-20 मैच डबलिन में 12 और 14 जुलाई को खेले जाने थे।

पीसीबी के मुख्य कार्यकारी वसीम खान ने कहा, यह काफी दुख की बात है कि कोविड-19 के कारण हमें आयरलैंड का दौरा स्थगित करना पड़ रहा है। हमें उम्मीद है कि जल्दी इस मैदान पर वापसी करें। हम क्रिकेट आयलैंड के फैसले का पूरी तरह से सम्मान करते हैं। जैसा की हम सभी बार-बार कहते आ रहे हैं खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों की सुरक्षा पहले है। जो देश खेलों की मेजबानी करने वाले हैं उनके लिए यह काफी चुनौतीपूर्ण समय हो गया है। एक क्रिकेट परिवार की तरह हम एक दूसरे के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

क्रिकेट आयरलैंड के मुख्य कार्यकारी वारेन डेयुटरोम ने कहा, आयरलैंड की सरकार ने एक मई को जो देश में पाबंदियां हटाने की जिस सतत प्रक्रिया का ऐलान किया है उसके चलते दुर्भाग्यवश हम पाकिस्तान के साथ होने वाले दो टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने कहा, हमने मैचों को आगे बढ़ाने, दूसरी जगहों पर खेलने के बारे में बात की, लेकिन सरकार के रोडमैप के साथ तमाम तरह की दिक्कतों को देखते हुए मैचों के आयोजन का दूसरा रास्ता निकल नहीं सका। हम इस फैसले से काफी दुखी हैं। हम उस समय का इंतजार करेंगे जब एक बार फिर पिच पर मिलेंगे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!