Electric vs conventional vehicle insurance: लोग इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) खरीदना चाहते हैं क्योंकि ईवी के साथ पेट्रोल-डीजल के खर्च से राहत मिल जाती है। हालांकि, EV खरीदने या पेट्रोल-डीजल कार से इलेक्ट्रिक कार पर स्विच करने से पहले इंश्योरेंस की लागत और कवरेज को समझना भी जरूरी है। इलेक्ट्रिक कार का इंश्योरेंस स्ट्रक्चर सामान्य कारों जैसा ही होता है, लेकिन इसके कुछ महंगे और तकनीकी पार्ट्स इसे अलग बनाते हैं।
बैटरी पैक सबसे महंगे कंपोनेंट्स में शामिल
इलेक्ट्रिक कार का बैटरी पैक सबसे महंगे कंपोनेंट्स में शामिल होता है। किसी दुर्घटना में बैटरी को गंभीर नुकसान पहुंचने पर इसके रिपेयर या रिप्लेसमेंट का खर्च काफी ज्यादा हो सकता है। इसके अलावा, EV में इलेक्ट्रिक मोटर, हाई-वोल्टेज सिस्टम और कई विशेष इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स होते हैं, जिन्हें रिपेयर करने के लिए ट्रेन्ड टेक्निशियन और विशेष उपकरणों की जरूरत पड़ सकती है।
EV के लिए अलग तरह का अनिवार्य मोटर इंश्योरेंस सिस्टम नहीं है। पेट्रोल-डीजल कार की तरह इलेक्ट्रिक कार के लिए भी थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस जरूरी होता है। हालांकि, आप अपनी कार को होने वाले नुकसान से सुरक्षा के लिए ओन-डैमेज कवर या कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस ले सकते हैं।
Battery Cover जरूर चेक करें
हालांकि, कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी होने का मतलब यह नहीं है कि बैटरी से जुड़ी हर समस्या कवर होगी। दुर्घटना या पॉलिसी में शामिल किसी घटना के कारण बैटरी को नुकसान होने पर कवरेज मिल सकता है, लेकिन बैटरी की सामान्य लाइफ बढ़ने या समय के साथ चार्ज होल्ड करने की क्षमता कम होने को अलग तरह से देखा जाता है।इसलिए पॉलिसी लेने से पहले Battery Damage, Exclusions और Warranty की शर्तों को जरूर पढ़ें।
EV के लिए Garage Network भी जरूरी
इस बात का भी ध्यान रखें कि हर सामान्य वर्कशॉप इलेक्ट्रिक कार की बैटरी या हाई-वोल्टेज सिस्टम को रिपेयर करने में सक्षम नहीं होती। ऐसे में यह देखना जरूरी है कि इंश्योरेंस कंपनी के नेटवर्क में आपके शहर में ऑथराइज्ड या EV को रिपेयर करने वाली वर्कशॉप उपलब्ध है या नहीं।
Charging Cable का भी रखें ध्यान
EV के साथ चार्जिंग केबल और दूसरे चार्जिंग उपकरण भी मिलते हैं। इनकी कीमत भी कम नहीं होती। इसलिए देखें कि पॉलिसी में Charging Cable और संबंधित उपकरणों का नुकसान शामिल है या इसके लिए कोई अलग Add-on लेना पड़ता है।
सस्ता प्रीमियम देखकर न लें फैसला
EV इंश्योरेंस लेते समय केवल कम प्रीमियम को प्राथमिकता देना सही नहीं है। IDV, Deductible, Exclusions, Add-ons, Battery Cover और Garage Network की तुलना जरूर करें। इलेक्ट्रिक कार में महंगे और विशेष कंपोनेंट्स होने के कारण पॉलिसी की शर्तों को ध्यान से पढ़ना खास तौर पर जरूरी हो जाता है।
