IPL 2022: लखनऊ आईपीएल टीम के नाम का हुआ ऐलान, इस नाम के साथ भरेगी हुंकार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 24, 2022, 08:02 PM IST

Lucknow IPL team name- Lucknow Super Giants: आईपीएल 2022 में शामिल होने वाली नई टीमें लखनऊ और अहमदाबाद में से लखनऊ की टीम के नाम का ऐलान कर दिया गया है। टीम के मालिक संजीव गोएंका ने खुद इस टीम के नाम का ऐलान किया।

IPL 2022: लखनऊ आईपीएल टीम के नाम का हुआ ऐलान, इस नाम के साथ भरेगी हुंकार
Photo Credit: Twitter

आईपीएल 2022 से टूर्नामेंट का स्वरूप बदलने जा रहा है और इसका सबसे बड़ा कारण है टूर्नामेंट से जुड़ने वाली दो नई टीमें। यानी इस बार से टूर्नामेंट 8 नहीं 10 टीमों का होगा। टूर्नामेंट में अब फैंस लखनऊ और अहमदाबाद की फ्रेंचाइजी का जलवा भी देख पाएंगे। पिछले कुछ समय से इन दोनों टीमों को लेकर दो चीजों पर सुगबुगाहट जारी थी। पहली चीज कि इन टीमों के शुरुआती तीन खिलाड़ी कौन होंगे, जिसका ऐलान कुछ दिन पहले कर दिया गया। जबकि दूसरी चीज थी टीमों का नाम। सोमवार को लखनऊ फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम के नाम का ऐलान कर दिया।

संजीव गोएंका के मालिकाना हक वाली लखनऊ फ्रेंचाइजी का नाम 'लखनऊ सुपर जायंट्स' (Lucknow Super Giants) रखा गया है। लखनऊ फ्रेंचाइजी ने एक अलग अंदाज अपनाते हुए सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस से टीम के नाम का सुझाव देने को कहा था, जिसके बाद से लगातार हर दिन तमाम फैंस अपने-अपने सुझाव दे रहे थे, आखिरकार सोमवार को फ्रेंचाइजी ने लखनऊ सुपर जायंट्स नाम पर मुहर लगा दी।

टीम के मालिक संजीव गोएंका ने खुद आगे आकर इस नाम का ऐलान किया। लखनऊ सुपर जायंट्स का होम ग्राउंड लखनऊ का इकाना स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा। नाम के ऐलान के बाद से लखनऊ के क्रिकेट फैंस टीम के नाम को ट्रेंड कराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

आपको बता दें कि लखनऊ की टीम द्वारा उन तीन खिलाड़ियों के नाम का ऐलान कर दिया गया है, जिनको चुनने के लिए बीसीसीआई द्वारा दोनों नई फ्रेंचाइजी को छूट दी गई थी।

लखनऊ ने लोकेश राहुल को अपना कप्तान बनाया है जिनको सर्वाधिक 17 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया गया है। वहीं दूसरे खिलाड़ी हैं ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस (9.2 करोड़ रुपये) और तीसरे खिलाड़ी हैं रवि बिश्नोई (4 करोड़ रुपये)।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!