इंग्लैंड टीम के बेतुके फैसले को लेकर भड़क उठे ग्रीम स्वान, बोले- 'आप ऐसा कैसे कर सकते हो'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 3, 2020, 06:10 PM IST

Graeme Swann on Stuart Broad: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर ग्रीम स्वान ने इंग्लिश टीम मैनेजमेंट को एक गलत फैसले के लिए आड़े हाथ लिया है।

इंग्लैंड टीम के बेतुके फैसले को लेकर भड़क उठे ग्रीम स्वान, बोले- 'आप ऐसा कैसे कर सकते हो'
Photo Credit: AP, File Image

वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। सीरीज में तब इंग्लैंड टीम की नींद उड़ गई थी जब पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद दूसरे और तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए सीरीज अपने नाम की। इन तीनों टेस्ट मैचों में एक बड़ा फर्क और टीम चयन की बड़ी चूक साफ दिखी। ये चूक थी पहले टेस्ट में नियमित गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को बाहर रखना। वो टेस्ट हारने के बाद इंग्लैंड ने गलती सुधारी और दूसरे और तीसरे टेस्ट में वापसी के बाद ब्रॉड ने खुद को साबित भी कर दिखाया। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज स्पिनर ग्रीम स्वान इसको लेकर भड़क उठे हैं।

ग्रीम स्वान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई श्रृंखला के पहले टेस्ट में नयी गेंद से गेंदबाजी करने वाली स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन की जोड़ी को एक साथ टीम में नहीं रखने की आलोचना करते हुए कहा कि आप 500 विकेट लेने वाले गेंदबाज की अनदेखी नहीं कर सकते। ब्रॉड को टीम से बाहर रखने का खामियाजा इंग्लैंड को हालांकि भुगतना पड़ा और वेस्टइंडीज ने इस मैच को चार विकेट से अपने नाम कर लिया। दूसरे टेस्ट में ब्रॉड की वापसी हुई और उन्होंने छह विकेट झटक कर टीम को 113 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

चमके भी, रिकॉर्ड भी बनाया

ब्रॉड तीसरे टेस्ट में 10 विकेट लेने के साथ टेस्ट क्रिकेट में विकटों की संख्या 500 तक पहुंचाने वाले चौथे तेज गेंदबाज बने। उन्होंने इस मैच में 62 रन की अहम पारी भी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गये। एंडरसन पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा थे जबकि दूसरे टेस्ट में उन्हें विश्राम दिया गया था।
इंग्लैंड के लिए 60 टेस्ट में 255 विकेट लेने वाले स्वान ने ‘मिरर डॉट सीओ डॉट यूके’ से कहा, ‘‘इंग्लैंड की अब तक की सबसे सफल गेंदबाजी साझेदारी को तोड़ना कितना बेवकूफी भरा था यह हमें मैच गवांने के बाद पता चला।’’

आप किसी को समय से पहले क्यों निकालना चाहते हैं?

उन्होंने सवाल करते हुए कहा, ‘‘एंडरसन और ब्रॉड टेस्ट के सबसे सफल गेंदबाज जोड़ीदारों में से एक है। आप किसी को समय से पहले टीम से बाहर क्यों निकालना चाहते हैं? मैं 90 मील प्रतिघंटे की रफ्तार से लगाव के बारे में नहीं समझ पा रहा हूं। जोफ्रा (आर्चर) और मार्क (वुड) टीम के भविष्य हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं माफी चाहूंगा, लेकिन आप 500 विकेट लेने वाले गेंदबाज को इतनी आसानी से नहीं निकाल सकते।’’ ब्रॉड और एंडरसन ने मिलकर टेस्ट में 1,090 विकेट हासिल किए हैं, जिनमें से 895 उन्होंने 117 टेस्ट में साथ खेलते हुए साझा किये हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!