Yusuf Pathan Relatives Arrested: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान के ससुर, साले और एक रिश्तेदार को भायखला (दक्षिण मुंबई का क्षेत्र) में कथित मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, उन्हें मारपीट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है, जब स्थानीय निवासी यूसुफ खान घर लौट रहे थे। उनकी कार एक पानी भरे गड्ढे से गुजरी, जिससे पानी उछलकर शोएब खान पर गिर गया, जो यूसुफ पठान के रिश्तेदार हैं। यूसुफ खान के अनुसार, उन्होंने तुरंत गाड़ी रोककर माफी मांगी, लेकिन बात बढ़कर बहस में बदल गई। आरोप है कि शोएब ने उनके साथ गाली-गलौज की, बांस की लाठी से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और उनके साथ मारपीट की।
घटना के बाद यूसुफ खान घर गए और परिवार की सलाह पर पुलिस के पास जाने का फैसला किया। हालांकि, पुलिस स्टेशन जाते समय उनकी मुलाकात खालिद खान उर्फ मकालिक से हुई, जो यूसुफ पठान के ससुर हैं। पुलिस के अनुसार, खालिद ने अपने बेटे उमरशाद खान शोएब खान और एक अन्य आरोपी शहबाज पठान के साथ मिलकर यूसुफ खान और उनके परिवार के साथ फिर से झगड़ा किया।
आरोपी 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए
इस मामले में शहबाज पठान फिलहाल फरार है, जबकि अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
