शहर

Chennai: पेट्रोल-डीजल कीमतों और NEET लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, कई कार्यकर्ता डिटेन

चेन्नई में एग्मोर रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET-UG 2026 पेपर लीक और बढ़ती ईंधन कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

Image

Congress protest

Photo : ANI

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने NEET-UG 2026 पेपर लीक और ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। चेन्नई के एग्मोर रेलवे स्टेशन पर हुए इस प्रोटेस्ट के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें वहां से हटाया गया।

नीट पेपर लीक मामले में देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। अलग-अलग शहरों में छात्र संगठन और राजनीतिक दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर एग्जाम में हुई गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पेपर लीक की वजह से उन लाखों छात्रों को नुकसान हुआ है, जिन्होंने पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ परीक्षा की तैयारी की थी। इस बीच सीबीआई मामले की जांच में जुटी हुई है और अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूछताछ भी लगातार जारी है। वहीं दूसरी ओर NEET री-एग्जाम कराने की तारीख भी आ गई है, 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का का ऐलान किया गया है। ऐसे में कई अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें फिर से परीक्षा की तैयारी करनी पड़ रही है, जिससे मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ गया है।

नीट पेपर लीक मामला क्या है?

  • NEET-UG (National Eligibility cum Entrance Test) भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है। जिसमें हर साल लाखों छात्र हिस्सा लेते हैं।
  • इस साल 3 मई को देशभर के 551 शहरों में NEET-UG 2026 परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 22 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए। लेकिन परीक्षा के कुछ दिनों बाद सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतें सबूत समेत सामने आने लगीं।
  • 11 मई को राजस्थान पुलिस के एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने खुलासा किया कि एक गेस पेपर के करीब 120 सवाल केमिस्ट्री पेपर में मिले हैं। बताया गया कि यह गेस पेपर एग्जाम से 15 दिन से एक महीने पहले ही छात्रों तक पहुंच चुका था।
  • 12 मई को एनटीए ने NEET-UG 2026 परीक्षा कैंसिल करने का ऐलान किया और CBI को मामले की जांच सौंप दी। CBI ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
  • 21 जून को नीट का एग्जाम दोबारा कराए जाने की घोषणा की गई है।

नीट पेपर लीक मामले में अब तक क्या हुआ?

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अब तक पुणे, नासिक, जयपुर, गुरुग्राम और अहिल्यानगर समेत कई शहरों से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों में मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी, मनीषा वाघमारे, धनंजय लोखंडा, शुभम खैरनार, मंगीलाल बीवाल, विकास बीवाल, दिनेश बीवाल और यश यादव के नाम शामिल हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article