शहर

गांधीनगर के होटल में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में युवती की गला रेतकर हत्या

गुजरात के गांधीनगर में एक होटल के कमरे से सामने आई हत्या की वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस की निगरानी में लौट रहे प्रेमी युगल में से युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि युवक घायल अवस्था में मिला। घटना के वक्त कमरे में पुलिसकर्मी और परिजन मौजूद होने के कारण मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

Image

गांधीनगर के होटल में युवती की हत्या से सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gandhinagar Hotel Murder: गुजरात के गांधीनगर जिले के चिलोडा थाना क्षेत्र स्थित धणप गांव की एक होटल में एक 21 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब मध्य प्रदेश पुलिस दोनों को गुजरात से लेकर अपने गृह राज्य वापस जा रही थी। पुलिस के अनुसार, मृतका रजनी धाकड़ और आरोपी संतोष जाटव मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रहने वाले थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। रजनी के घर से चले जाने के बाद उसके परिजनों ने शिवपुरी देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने दोनों को 11 जून को राजकोट के शापर क्षेत्र से तलाश लिया था।

खून से लथपथ हालत में मिली रजनी

पूछताछ के दौरान रजनी ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी मर्जी से संतोष के साथ गई थी। इसके बाद पुलिस दोनों को परिजनों के साथ वापस मध्य प्रदेश लेकर जा रही थी। रास्ते में रात होने पर सभी लोग गांधीनगर जिले के धणप स्थित एक होटल में रुके थे। होटल के कमरे नंबर-107 में दो पुलिसकर्मी, दोनों युवक-युवती और दो परिजन ठहरे हुए थे। एफआईआर के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे हेड कांस्टेबल दीपचंद को सिसकियों जैसी आवाज सुनाई दी। उन्होंने लाइट जलाकर देखा तो रजनी खून से लथपथ हालत में संतोष की गोद में पड़ी थी। संतोष के हाथ में चाकू था और उसके गले पर भी चोट के निशान थे।

आत्महत्या की कोशिश की

ऐसे में तुरंत 108 एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने रजनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष को पहले गांधीनगर सिविल अस्पताल और बाद में अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डीवाईएसपी आयुष जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष ने कथित तौर पर चाकू से रजनी का गला रेतकर हत्या की और बाद में खुद के गले पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। मामले में चिलोडा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर संतोष को आरोपी बनाया है।

सभी पहलुओं की जांच जारी

मृतका के चचेरे भाई प्रवेंद्र धाकड़ की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि घटना होटल के कमरे में रात 12 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि जिस समय घटना हुई, उस दौरान कमरे में पुलिसकर्मी और परिजन भी मौजूद थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर आरोपी ने वारदात को कैसे अंजाम दिया और घटना के पीछे की वजह क्या थी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article