प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को पीछे छोड़ दिया है। इस अवसर पर देश में तो उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। दुनियाभर से भी उनके लिए बधाई संदेश आ रहे हैं। दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों ने पीएम मोदी के नेतृत्व, भारत के विकास मॉडल और वैश्विक मंच पर उनकी भूमिका की तारीफ करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके (Anura Kumara Dissanayake) ने 8 जून को भेजे अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनके लंबे कार्यकाल का प्रतीक नहीं है, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा उनके नेतृत्व पर बार-बार जताए गए विश्वास का प्रमाण भी है। उन्होंने कहा कि भारत में आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय परिवर्तन तथा पीएम मोदी की दूरदर्शी नीतियों ने श्रीलंका सहित कई देशों को प्रेरित किया है।
दिसानायके ने नेबरहुड फर्स्ट नीति की तारीफ की
राष्ट्रपति दिसानायके ने प्रधानमंत्री मोदी की अप्रैल 2025 की श्रीलंका यात्रा का भी उल्लेख किया। इस दौरान मोदी को श्रीलंका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान मित्र विभुषण (Mitra Vibhushana) से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान भारत के सहयोग ने दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती प्रदान की है।
पापुआ न्यू गिनी के पीएम ने भी की तारीफ
वहीं, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मरापे (James Marape) ने एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को नेतृत्व का आदर्श बताते हुए कहा कि 20 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालना एक असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने भारत और पापुआ न्यू गिनी के बीच मित्रता को और मजबूत करने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने 2023 में मोदी की ऐतिहासिक पापुआ न्यू गिनी यात्रा को भारत और प्रशांत द्वीपीय देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
पीएम मोदी का कार्यकाल प्रेरणादायक
इसके अलावा, त्रिनिडाड की प्रधानमंत्री कमला परसाद (Kamla Persad-Bissessar) ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मुद्दों पर एक प्रभावशाली और अग्रणी आवाज बनकर उभरा है। उन्होंने मोदी के साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर 1.4 अरब लोगों के देश का तीन कार्यकाल तक नेतृत्व करने की यात्रा को प्रेरणादायक बताया।
दुनिया के विभिन्न हिस्सों से मिली इन शुभकामनाओं ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक पहचान सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास, कूटनीति और वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूत करने वाले नेता के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक रूप से स्वीकार की जाती है।
