Greater Noida Workshop Attack: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर दबंगई की घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर कुछ लोगों ने एक कार वर्कशॉप में जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के मुताबिक, एक कार का एसी ठीक करने से मना करने पर आरोपियों ने वर्कशॉप संचालक और वहां मौजूद अन्य लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हिंसक झड़प में चार लोग घायल हो गए। पूरी वारदात का वीडियो किसी प्रत्यक्षदर्शी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
कहां से शुरू हुआ पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युसुब खान ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी एक कार में सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी के एसी में खराबी की शिकायत की। ऐसे में, जांच के बाद युसुब ने स्पष्ट किया कि वह इस समस्या को ठीक नहीं कर पाएंगे और उन्हें किसी अन्य मैकेनिक के पास जाने की सलाह दी। इसी बात से नाराज होकर दोनों युवक बहस करने लगे और गाली-गलौज पर उतर आए।
वर्कशॉप पर बोला हमला
युसुब ने पुलिस को बताया कि, जब उन्होंने विरोध जताया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, तो आरोपी वहां से जाते हुए धमकी देकर चले गए। लेकिन कुछ ही समय बाद वे कई अन्य लोगों के साथ वापस लौटे और वर्कशॉप पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की, जिससे मौके पर मौजूद चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि, घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दादरी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
