शहर

झारखंड में अवैध कोयला खनन बना काल, चार मजदूरों की दर्दनाक मौत; जहरीली गैस से दम घुटने से हुआ हादसा

झारखंड रामगढ़ जिले के अरगड्डा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। खदान के अंदर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण चार मजदूरों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Image

झारखंड में दर्दनाक हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jharkhand News: झारखंड रामगढ़ जिले में अवैध कोयला खनन का खतरनाक खेल एक बार फिर कई परिवारों पर भारी पड़ गया। अरगड्डा क्षेत्र में हाल ही में खोदी गई एक अवैध कोयला खदान में जहरीली गैस के रिसाव और ऑक्सीजन की कमी के कारण चार मजदूरों की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और अफरातफरी का माहौल है, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मजदूर अवैध रूप से संचालित खदान में कोयला निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मजदूर खदान के अंदर फंस गए। उन्हें बचाने के लिए दो अन्य मजदूर अंदर पहुंचे, लेकिन वे भी जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतकों में ये हैं शामिल

काफी देर तक चले बचाव अभियान के बाद सभी मजदूरों को खदान से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में छोटकी टोंगी गांव के रहने वाले देव कुमार बेदिया (25) और डब्ल्यू बेदिया (26) के अलावा सिरका बुध बाजार निवासी किशोर रवानी (26) तथा आशीष रजवार (29) शामिल हैं।

मृतकों के परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना ने एक बार फिर अवैध कोयला खनन की भयावह वास्तविकता को उजागर कर दिया है, जहां रोजी-रोटी की तलाश में मजदूर अपनी जान जोखिम डालने को मजबूर हैं। साथ ही, यह हादसा संबंधित विभागों और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है कि आखिर अवैध खनन जैसी गतिविधियां कैसे जारी हैं?

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article