शहर

घर के बाथरूम में ही दफन था पति, डेढ़ महीने पुलिस को नचाती रही बीवी; राज खुला तो...

उत्तर प्रदेश के आगरा में लापता शख्स की डेडबॉडी उसके घर के ही बाथरूम से बरामद हुई। हालांकि, आरोपी पत्नी हत्या की बात स्वीकार नहीं कर रही है। उसका कहना है कि उसका पति फंदे से लटककर आत्महत्या कर चुका था और डर के कारण उसने शव को बाथरूम में दफना दिया।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

आगरा में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा क्षेत्र में एक महिला ने कथित तौर पर अपने शराबी पति की हत्या कर उसका शव घर के बाथरूम में दफना दिया। शव को छिपाने के लिए ऊपर से पक्का फर्श भी बनवा दिया। घटना करीब डेढ़ महीने तक छिपी रही, लेकिन शुक्रवार को महिला द्वारा अपने जेठ को दी गई जानकारी के बाद पूरा मामला सामने आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने महिला रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, वह फिलहाल हत्या की बात स्वीकार नहीं कर रही है। उसका कहना है कि उसका पति फंदे से लटककर आत्महत्या कर चुका था और डर के कारण उसने शव को बाथरूम में दफना दिया।

बीवी ने परिवार वालों से बनाया ये बहाना

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के रंजीत नगर के रहने वाले थे। वह आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों के साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र शराब पीने का आदी था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई को रूबी ने उन्हें फोन कर कहा था कि पुलिस उनके घर दबिश देने आ रही है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। इसके बाद अनिल अपनी मां और दोनों भतीजियों को अपने घर ले आए। अगले दिन रूबी भी वहां पहुंची और बताया कि सुरेंद्र चार-पांच दिन के लिए कहीं गए हैं।

जब कई दिन बीत जाने के बाद भी सुरेंद्र वापस नहीं लौटे तो 26 मई को अनिल शर्मा ने रूबी के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने रूबी को साथ लेकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान रूबी अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ ही रह रही थी और पति की याद में रोती भी थी, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।

अनिल शर्मा ने बताया कि बाद में उन्हें कुछ संदेह हुआ। शुक्रवार को रूबी ने खुद उन्हें फोन कर घर बुलाया और पूछने पर बताया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम में दफन है। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि महिला द्वारा पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और महिला से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article