इन दिनों अपराध जगत से जुड़ी खबरें महाराष्ट्र से लगातार सामने आ रही हैं। पुणे के लोहागढ़ में युवा व्यापारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या का मामला चर्चा में है। इसी बीच वहां के लातूर जिले के उदगीर शहर से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां कथित प्रेम संबंध और जमीन विवाद में एक युवक की हत्या की घटना सामने आई है। यहां एक महिला द्वारा अपने 24 वर्षीय प्रेमी को जलाकर मारने का मामला सामने आया है। फिलहाल मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
बता दें कि उदगीर तालुका के नवंदी गांव निवासी उद्धव मारोती दहिकांबले निदेबन क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। उनका गांव की रहने वाली वंदना तुलसीराम मदाले के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच जमीन और संपत्ति को महिला के नाम स्थानांतरित करने को लेकर विवाद चल रहा था।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) गजानन भातलवंडे ने बताया कि 12 जून की सुबह ज्ञानेश्वर नगर, शेलहाल रोड (निदेबन) इलाके में दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वंदना मदाले ने उद्धव के चेहरे पर खौलता तेल डाल दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए लातूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिनों तक इलाज चलने के बाद बुधवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई।
युवक के पिता मारोती नरसिंह दहिकांबले की शिकायत पर उदगीर ग्रामीण पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत केस नंबर 417/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में 45 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।आरोपी महिला घटना के बाद से फरार हो गई थी। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद की वास्तविक स्थिति क्या थी और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी।
युवक की मौत के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले के कई और पहलुओं से पर्दा उठ सकता है।
