शहर

आखिर क्यों पाकिस्तानी आतंकियों के निशाने पर है खाटू श्याम मंदिर?

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और हापुड़ में एक कथित पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क के खुलासे ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर से जुड़े फोटो और वीडियो मिलने के बाद संभावित साजिश को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Image

खाटू श्याम मंदिर (फाइल फोटो)

भारतीय खुफिया एजेंसियों ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और हापुड़ में एक पाकिस्तानी स्पाई नेटवर्क का खुलासा किया है। जांचकर्ताओं को आरोपियों के फोन से जो कुछ मिला है, वह बहुत ही चिंताजनक है। जांचकर्ताओं को आरोपियों के फोन से राजस्थान के सीकर जिले में मौजूद खाटू श्याम मंदिर की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। आरोपियों ने खाटू श्याम मंदिर की तस्वीरें और वीडियो अपने पाकिस्तानी हैंडर्स को भेजी हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या पाकिस्तानी आतंकियों के निशाने पर अब खाटू श्याम मंदिर है? आखिर खाटू श्याम मंदिर ही आतंकवादियों के निशाने पर क्यों है?

14 लोगों को लिया गया हिरासत में

गाजियाबाद पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया है, जिसमें से 6 कौशांबी इलाके से धरे गए हैं। कौशांबी से पकड़े गए आरोपियों के नाम सुहैल, साने इराम उर्फ महक, प्रवीन, राज, शिवा और रितिक हैं। इनके अलावा हापुड़ से अजीम राणा नाम के व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। अजीम राणा के फोन में खाटू श्याम मंदिर की तस्वीरें मिली हैं। बताया जा रहा है कि साने इराम ही इस पूरे गिरोह की सरगना थी। वह सीधे पाकिस्तानी हैंडलरों के कॉन्टैक्ट में थी और उसने जानबूझकर हिंदू नाम वाले युवाओं को भर्ती किया था, जिनके नाम प्रवीन, राज, शिवा और रितिक हैं। इन हिंदू नाम वाले युवकों को धोखा देकर इस गिरोह में शामिल किया गया। इस पूरे नेटवर्क को इस तरह से डिजाइन किया गया था, ताकि किसी को भी यह पता न चले कि वह असल में कर क्या रहे हैं। NIA, इंटेलिजेंस ब्यूरो, उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP-ATS), गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मिलकर इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं।

खाटू श्याम मंदिर क्यों आतंकियों के निशाने पर?

किसी भी आम दिन में सीकर के इस खाटू श्याम मंदिर में 1 लाख श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। जबकि त्योहारों और मेले के समय यह संख्या 2-3 लाख तक पहुंच जाती है। एकादशी के अवसर पर खाटू श्याम मंदिर में दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख तक पहुंच जाती है। जबकि फाल्गुन लखी मेला के अवसर पर खाटू श्याम मंदिर में 30 लाख श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। ज्ञात हो कि पाकिस्तानी आतंकवादियों का हिंदू मंदिरों पर हमले का पुराना रिकॉर्ड रहा है। साल 2002 में जम्मू के रघुनाथ मंदिर पर हमला हुआ, 2002 में ही गांधीनगर के अक्षरधाम मंदिर को भी आतंकियों ने निशाना बनाया। साल 2005 में आतंकवादियों ने अयोध्या राम मंदिर पर और 2006 में वाराणसी के संकट मोचन मंदिर पर हमला किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article