Ayodhya Ram Mandir News: राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 30 अप्रैल तक राम मंदिर से जुड़े सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। अयोध्या पहुंचे मिश्र ने मंदिर निर्माण को लेकर अहम जानकारी साझा की है। दो दिवसीय बैठक में शामिल होने आए नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 30 अप्रैल तक राम मंदिर से जुड़े सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी अपने इंजीनियरों और श्रमिकों को अन्य परियोजनाओं में शिफ्ट कर देंगी।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि दोनों संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि 30 अप्रैल तक सभी जरूरी दस्तावेज और बिल भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी ने मंदिर निर्माण पर तीन वर्ष की गारंटी दी है, इसी कारण मंदिर की देखरेख के लिए दोनों संस्थानों की एक छोटी यूनिट परिसर में तैनात रहेगी, ताकि भविष्य में किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि एलएंडटी और टाटा कंसलटेंसी का राज्य निर्माण निगम के साथ जो भी एग्रीमेंट हुआ है, उसे राम मंदिर ट्रस्ट जल्द ही अपने अधीन ले लेगा। फिलहाल केवल ऑडिटोरियम का कार्य शेष है, जिसे भी 30 अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंदिर निर्माण पर कितना हुआ खर्च?
मंदिर निर्माण पर हुए खर्च को लेकर नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि अब तक करीब 1900 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, जिनमें से 1600 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिसमें जीएसटी भी शामिल है। अयोध्या में प्रस्तावित कैंसर इंस्टीट्यूट को लेकर उन्होंने कहा कि जमीन हस्तांतरण में देरी के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया है, लेकिन संस्था ने अस्पताल का डिजाइन तैयार कर लिया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि राम मंदिर की फसाड लाइट जुलाई-अगस्त तक तैयार हो जाएगी, जबकि सप्त मंदिर में आम श्रद्धालुओं के दर्शन मार्च माह में शुरू होने की संभावना है।
