शहर

Delhi: रघुबीर नगर इलाके में ई रिक्शा की बैटरी में धमाके के बाद गोदाम जला, दो की मौत

पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में सोमवार तड़के ई-रिक्शा की बैटरी फटने से गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई।

Image

ई-रिक्शा बैटरी विस्फोट के बाद गोदाम में आग (सांकेतिक चित्र)

Photo : PTI

Delhi Fire: राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले में स्थित रघुबीर नगर इलाके से सोमवार तड़के एक आग लगने घटना सामने आई है। यहां के एक गोदाम में ई-रिक्शा की बैटरी में जोरदार विस्फोटvहोने के बाद भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सुबह 4:42 बजे हुआ धमाका

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सोमवार तड़के लगभग 4:42 बजे रघुबीर नगर के आर-17ए, मस्जिद गुरुद्वारा रोड स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग की 3 वाटर टेंडर और 1 वाटर बाउजर की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना की गई। अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक, इमारत ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिल की है। पहली मंजिल पर रखी ई-रिक्शा की बैटरी में अचानक तेज धमाका (Blast) हुआ, जिसके बाद वहां रखे घरेलू सामान ने तेजी से आग पकड़ ली। दमकल की 4 गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 5:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दो लोगों की मौत

हादसे के वक्त गोदाम परिसर में मौजूद दो लोग आग और धुएं की चपेट में आ गए। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से दोनों झुलसे हुए व्यक्तियों को पास के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पड़ताल में माना जा रहा है कि चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा की बैटरी में शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग की वजह से ब्लास्ट हुआ होगा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article