West Bengal to launch Swachh App: पश्चिम बंगाल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर विकास विभाग (Urban Development Department) दुर्गा पूजा से पहले एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। आगामी 1 सितंबर से राज्य में 'स्वच्छ ऐप' (Swachh App) लॉन्च किया जाएगा। इस मुहिम के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, प्लास्टिक या चिप्स के पैकेट फेंकने, थूकने और खुले में पेशाब करने वालों के खिलाफ पुलिसिया और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
3 महीने का 'सुधार पीरियड' और जागरूकता अभियान
सरकार इस कानून को तुरंत थोपने के बजाय नागरिकों को अपनी आदतें सुधारने का पूरा मौका देगी। नगर विकास विभाग शुरुआती तीन महीनों तक (सितंबर, अक्टूबर और नवंबर) जनता के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगा। इस दौरान लोगों को सड़कों पर गंदगी न फैलाने की चेतावनी दी जाएगी और जागरूक किया जाएगा। तीन महीने की यह अवधि समाप्त होने के बाद, नियम का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस द्वारा सीधे जुर्माना (Fine) लगाया जाएगा।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 नगरपालिकाओं से शुरुआत
इस योजना को शुरुआती चरण में एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में उन नगरपालिकाओं में लागू किया जा रहा है जहां फिलहाल प्रशासक (Administrators) नियुक्त किए गए हैं। शुरुआत 10 चुनिंदा नगरपालिकाओं से होगी, जिसके सफल रहने के बाद इसे पूरे राज्य में विस्तार दिया जाएगा।
हर 100 मीटर पर लगेंगे डस्टबिन
नागरिकों को कचरा फेंकने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सरकार बुनियादी ढांचे को भी मजबूत कर रही है। योजना के तहत पूरे पश्चिम बंगाल में सड़कों के किनारे हर 100 मीटर की दूरी पर डस्टबिन (कूड़ेदान) इंस्टॉल किए जाएंगे। तीन महीने के बाद सड़कों पर किसी भी तरह का कचरा फेंकने की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी।
इन हरकतों पर लगेगा भारी जुर्माना:
-सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या प्लास्टिक फेंकना।
-चिप्स, बिस्किट या अन्य खाने-पीने की चीजों के पैकेट सड़क पर डालना।
-सड़कों या दीवारों पर थूकना या पान-गुटखे की पीक फेंकना।
-पुरुषों द्वारा सड़कों या सार्वजनिक जगहों पर खुले में पेशाब करना।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
